दो घंटे की बारिश में डूबा कटिहार शहर, सड़कों पर जलजमाव से लोगों की बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन
झमाझम बारिश से तालाब में तब्दील हुई शहर की सड़कें, आवाजाही प्रभावित

कटिहार झमाझम बारिश से सड़क पर जलजमाव के बीच आवाजाही करते राहगीर

कटिहार नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों का पर्दाफाश हुआ जब सिर्फ पौने दो घंटे की बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया. प्रमुख सड़कें तालाब बन गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

कटिहार : शुक्रवार शाम हुई करीब पौने दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने कटिहार नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों की पोल खोल दी. बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जलजमाव को लेकर लोगों ने नगर निगम और बुडको की कार्यशैली पर सवाल उठाए.

प्रमुख बाजारों में भर गया बारिश का पानी

बारिश के बाद न्यू मार्केट रोड, एमजी रोड, अमला टोला, शिव मंदिर चौक, दुर्गास्थान चौक, सदर अस्पताल रोड और केबी झा कॉलेज जाने वाली सड़क सहित कई इलाकों में जलजमाव हो गया. कई जगह सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई.

ठेले वालों और दुकानदारों को भी हुआ नुकसान

अचानक हुई तेज बारिश से सड़क किनारे ठेला और खोमचा लगाकर कारोबार करने वाले लोगों को भी नुकसान उठाना पड़ा. बारिश के दौरान बाजार की सड़कें लगभग वीरान हो गईं और लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हो गए.

न्यू मार्केट और एमजी रोड पर सबसे ज्यादा परेशानी

न्यू मार्केट क्षेत्र में शाखा नालियों का पानी मुख्य नाले में नहीं पहुंच पाने के कारण सड़क पर घुटने तक पानी जमा हो गया. वहीं एमजी रोड भी पूरी तरह जलमग्न हो गया. बुडको द्वारा खुदाई कर छोड़े गए गड्ढों में पानी भर जाने से कई वाहन चालक हादसे का शिकार हुए. कुछ स्थानों पर टेंपो चालक गड्ढे में गिरकर घायल भी हो गए.

लोगों ने निगम और बुडको पर उठाए सवाल

राहगीर रवि सिंह, राजन कुमार, राहुल कुमार, राजेश कुमार और राजा यादव सहित कई लोगों ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले ही शहर की यह स्थिति है तो आगे हालात और गंभीर हो सकते हैं. उनका आरोप है कि बिना समुचित योजना के नाला निर्माण के लिए खुदाई कर दी गई, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई.

नगर आयुक्त बोले- पहले की तुलना में स्थिति बेहतर

नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि शहर में नालों की सफाई का कार्य कराया गया है और शाखा नालियों को मुख्य नालों से जोड़ा गया है. उन्होंने बताया कि जहां-जहां बुडको द्वारा निर्माण कार्य के कारण गड्ढे छोड़े गए हैं, वहीं पानी का कुछ समय के लिए जमाव हो रहा है. हालांकि पहले की तुलना में अब पानी अधिक देर तक सड़कों पर नहीं ठहर रहा है और निकासी तेजी से हो रही है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन