महाराष्ट्र में रेलवे ट्रैक पर मिला बारसोई के युवक का शव, हत्या का आरोप

Author Arvind gupta|Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

मृतक का फाइल फोटो

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बारसोई प्रखंड के एक 19 वर्षीय युवक का शव महाराष्ट्र में रेलवे ट्रैक पर मिला है. परिजनों ने युवक के अपहरण, हत्या और शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप युवती पक्ष पर लगाया है. मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है.

विज्ञापन

बारसोई प्रखंड के आबादपुर थाना क्षेत्र के एक 19 वर्षीय युवक का शव महाराष्ट्र में रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक के पिता ने युवती पक्ष के कई लोगों पर बेटे का अपहरण कर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है. मामले में आबादपुर थाना में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है.

विज्ञापन

प्रेम प्रसंग के बाद पंचायत में हुआ था समझौता

मृतक के पिता महबूब आलम ने आवेदन में बताया है कि उनके 19 वर्षीय पुत्र मो. नाहिद आलम का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था. दोनों ने सात नवंबर 2025 को कटिहार न्यायालय में शपथ पत्र के माध्यम से विवाह किया था. बाद में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, जिसमें युवक और युवती को अपने-अपने घर भेज दिया गया. आवेदन के अनुसार, पंचायत में युवती के बालिग होने के बाद दोनों की शादी कराने की बात कही गई थी.

मुंबई से अगवा करने का आरोप

परिजनों के अनुसार, बाद में युवती की शादी दूसरी जगह करा दी गई. इधर, नाहिद आलम पिछले करीब पांच महीने से मुंबई में मजदूरी कर रहा था. आरोप है कि 30 जून 2026 को युवती पक्ष से जुड़े कई लोग मुंबई पहुंचे और उसे बहला-फुसलाकर तथा धमकी देकर अपने साथ ले गए. पिता का आरोप है कि बेटे के साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल भी छीन लिया गया.

पड़ोसी के फोन से दी थी जानकारी

आवेदन में कहा गया है कि नाहिद ने किसी तरह पड़ोसी के मोबाइल से अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई है और उसे जबरन कहीं ले जाया जा रहा है. इसके बाद परिजन लगातार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे.

महाराष्ट्र पुलिस के फोन से मिली मौत की सूचना

परिजनों के अनुसार, दो जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे महाराष्ट्र पुलिस का फोन आया, जिसमें बताया गया कि नाहिद आलम का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है. बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप

मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई और घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया. उन्होंने पुलिस से मोबाइल कॉल डिटेल, यात्रा संबंधी जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है.

एफआईआर को लेकर भटक रहे परिजन

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना स्थल महाराष्ट्र के खंडवा जीआरपी क्षेत्र का होने के कारण वहां प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है और उन्हें स्थानीय थाना जाने की सलाह दी जा रही है. वहीं आबादपुर थानाध्यक्ष मो. शादाब ने बताया कि घटना रेल क्षेत्र की है. जिस क्षेत्र में घटना हुई है, उसी थाने में प्राथमिकी दर्ज होगी.

और पढ़ें : 800 भूमिहीन महादलित परिवारों को नहीं मिली जमीन, सड़क और नहर किनारे गुजर रही जिंदगी


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन