वृहद आश्रय गृह से पांच नाबालिग हुए फरार, चार बरामद
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 09 Jun 2026 7:13 PM
विज्ञापन
पहले भी हुई है इस प्रकार की घटना, सुरक्षा पर उठे सवाल
विज्ञापन
एक की तलाश जारी
कटिहार. वृहद आश्रय गृह एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है. यहां से पांच नाबालिग के फरार होने की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी है. बताया जाता है कि सात जून की देर रात ये सुरक्षा गार्ड को चकमा देकर बाल गृह से भाग गये. घटना की जानकारी मिलते ही आश्रय गृह प्रशासन में हड़कंप मच गया. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस व बाल गृह की टीम ने रात में ही फरार हुए नाबालिग की तलाश शुरू की. इसके बाद चार नाबालिग को बरामद कर लिया गया. जबकि एक अब भी लापता है.सुबह तक चार मिले, एक की खोज जारी
घटना के बाद पुलिस व बाल गृह प्रशासन ने संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाया. अधिकारियों के अनुसार, फरार हुए पांच नाबालिग में से चार को सोमवार की सुबह तक कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया. इनको सुरक्षित वापस आश्रय गृह लाया गया. वहीं एक अब भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है तथा संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पांचवें नाबालिग को भी जल्द से जल्द खोज निकालने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं.
सुरक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई, दो गार्ड निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्रय गृह प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले दो सुरक्षा गार्डों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक रविशंकर तिवारी ने बताया कि फरार हुए चार नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि बरामद नाबालिग में दो बिहार तथा दो पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. वहीं जो अब तक नहीं मिला है, वह नेपाल का निवासी है. उन्होंने जानकारी दी कि उक्त नाबालिग को पूर्व में उसके घर नेपाल पहुंचाया गया था. लेकिन वह वहां से दोबारा निकलकर कटिहार पहुंच गया था. आश्रय गृह में ही रह रहा था. अब एक बार फिर उसके फरार हो जाने से प्रशासन की चिंता बढ़ गयी है. सहायक निदेशक ने बताया कि फरार नाबालिग की तलाश जारी है. जल्द ही उसे भी बरामद कर लिया जायेगा. इस घटना के बाद आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं, तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










