आर्थिक प्रगति की आधारशिला है वित्तीय समावेशन

आर्थिक प्रगति की आधारशिला है वित्तीय समावेशन
कटिहार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय कटिहार के तत्वावधान में बुधवार को क्षेत्रीय प्रमुख अमृतेश परमार्थ के नेतृत्व में हसनगंज प्रखंड अंतर्गत रामपुर और जगरनाथपुर पंचायत के लिए वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का आयोजन किया. शहर के समीप छीटाबाड़ी में स्थित राम दरबार में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक तारकिशोर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. विधायक एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उदघाटन किया. ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर एवं रामपुर के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए. यहां री-केवाईसी, जन-धन खाता खोलना, सामाजिक सुरक्षा योजना, एसएचजी और स्थानीय कारीगरों द्वारा मखाना, मशरूम सिल्क उत्पाद के स्टॉल लगाये गये थे. विधायक ने ग्रामीण प्रतिभागियों से संवाद किया. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कार्यपालक निदेशक महेंद्र दोहरे ने स्वागत संबोधन दिया और बैंक की उपलब्धियों तथा वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के द्वारा किये जा रहे प्रयासों के संबंध में अवगत कराया. भारत सरकार के वित्त विभाग के संयुक्त सचिव एमएम अय्यपन ने अपने उद्बोधन के माध्यम से वित्तीय समावेशन को भारत की आर्थिक प्रगति की आधारशिला बताया. कहा कि बैंकिंग सेवाओं को गांव-गांव तक सुलभता से पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं तथा स्वयं सहायता समूह ग्रामीण भारत की आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के क्षत्रीय निदेशक द्वारा इस वित्तीय समावेशन संतृप्त अभियान को जन जन तक पहुंचाकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को बैंक से जुड़ने का संदेश दिया. महापौर उषा देवी अग्रवाल सहित कई अतिथि मौजूद थे. डीएम ने योजना से जुड़ने की अपील की डीएम मनेश कुमार मीणा ने उपस्थित ग्राम पंचायत वासियों को भारत सरकार के सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेबीवाई और एपीवाई के अंतर्गत नामांकित करने का आह्वान किया. पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर की सराहना की. अतिथियों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखाओं द्वारा स्वीकृत पत्र वितरित किये. इसी कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन करते हुए कॉर्पोरेट सोशल रेस्पॉन्सिबिलिटी के अंतर्गत हसनगंज उच्च माध्यमिक विद्यालय को एक वॉटर प्यूरीफायर तथा हसनगंज और रामपुर ग्राम पंचायत कार्यालयों को एक ऑफिस टेबल, पांच कुर्सी एवं एक वॉटर प्यूरीफायर प्रदान किया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं दोनों पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, केंदीय कार्यालय मुंबई के महाप्रबंधक ने आभार जताया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




