सभी किसानों से संपर्क कर बिक्री योग्य धान खरीदें : डीएम

किसानों से धान खरीदारी की समीक्षा के लिए समाहरणालय स्थित सभागार में जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.
डीएम ने की जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक
आजमनगर, बारसोई, डंडखोरा, फलका, कुरसेला व समेली में कम हुई धान खरीद
कटिहार. जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में मंगलवार की खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत किसानों से धान खरीदारी की समीक्षा के लिए समाहरणालय स्थित सभागार में जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. समीक्षा बैठक अपर समाहर्ता बिनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम की उपस्थिति में समीक्षा की गयी. डीएम ने बैठक में उपस्थित सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी से विभाग द्वारा जिले को प्राप्त लक्ष्य के आलोक में प्रखंडवार धान खरीदारी की एवं किसानों के भुगतान की समीक्षा की. समीक्षा के क्रम में पाया गया कि आजमनगर, बारसोई, डंडखोरा, फलका, कुरसेला एवं समेली में लक्ष्य में विरुद्ध धान की खरीदारी काफी कम हुई है. संबंधित सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को निबंधित सभी किसानों से संपर्क कर बिक्री योग्य धान की खरीदारी करने का निर्देश दिया गया. धान बेचने वाले किसानों के भुगतान की समीक्षा के क्रम भुगतान का सबसे कम प्रतिशत कटिहार जिला में पाया गया. भुगतान कम रहने को लेकर उचित कारण नहीं बताये जाने के कारण सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, कटिहार का वेतन स्थगित करने का निर्देश जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिया गया.
इस समीक्षा बैठक में उपस्थित सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी से पंचायतवार निबंधित किसानों द्वारा धान उत्पादन की समीक्षा की गयी. समीक्षोपरांत सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी को विहित प्रपत्र उपलब्ध कराते हुए प्रपत्रानुसार निबंधित किसानों के खेती का रकवा, कुल उत्पादित धान तथा बिक्री योग्य धान से संबंधित प्रतिवेदन 25 दिसंबर तक जिला कृषि पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि निबंधित किसानों के संबंध में प्राप्त प्रतिवेदन के आलोक में 26 दिसंबर को आहूत जिला टास्क फोर्स में धान अधिप्राप्ति की समीक्षा की जायेगी. चावल आपूर्ति के लिए चयनित मिल को एफआरके उपलब्ध कराने के संबंध में जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम से समीक्षा की गयी तथा उन्हे अविलंब चयनित सभी मिल को एफआरके उपलब्ध कराने तथा चावल प्राप्ति केंद्र खोलने का निर्देश दिया गया, ताकि चक्रीय आधार पर अधिक से अधिक चावल की आपूर्ति हो सके.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




