गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर बिहार के मखाने की दिखेगी धमक

गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर बिहार के मखाने की दिखेगी धमक
– मखाना आधारित झांकी देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचेगी कोढ़ा 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर बिहार की मखाना आधारित झांकी देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचेगी. मखाना लोकल से ग्लोबल की थाली में सुपरफूड थीम पर आधारित इस झांकी का चयन कटिहार जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है. मखाना उत्पादन के क्षेत्र में देशभर में शीर्ष स्थान रखने वाले कटिहार के लिए यह पल गर्व और सम्मान का है. इस मौके पर नेशनल मखाना उद्योग के संस्थापक गुलफराज ने इसे सीमांचल के किसानों की बड़ी जीत करार दिया. उन्होंने कहा कि दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मखाना की झांकी का प्रदर्शन होना कटिहार के किसानों और उद्यमियों के लिए सम्मान की बात है. आज मखाना उत्पादन में कटिहार जिला देश में नंबर-1 है. गुणवत्ता के मामले में भी हमारे किसानों ने नई पहचान बनाई है. कर्तव्य पथ पर झांकी के जरिए कटिहार की ब्रांडिंग वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगी. नेशनल मखाना उद्योग का निरंतर प्रयास है कि इस सुपरफूड को दुनिया के हर घर तक पहुंचाया जाय. जीआई टैग प्राप्त मखाने पर आधारित यह झांकी खेती, उत्पादन, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की पूरी यात्रा को जीवंत रूप में दर्शायेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि इससे अमेरिका, यूरोप सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कटिहार के मखाने की मांग और बढ़ेगी. इसका सीधा लाभ जिले के किसानों के साथ-साथ मखाना उद्योग से जुड़े उद्यमियों को मिलेगा. गौरतलब है कि कर्तव्य पथ पर बिहार की झांकी में कटिहार के मखाने को मिली यह पहचान न सिर्फ जिले बल्कि पूरे सीमांचल के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायी मानी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




