महानंदा नदी के कटाव से मथुरापुर की मुख्य सड़क ध्वस्त, दो वार्डों का संपर्क टूटने का खतरा

फोटो- बारसोई के मथुरापुर गांव में महानंदा नदी के कटाव से क्षतिग्रस्त हुई मुख्य सड़क. | Prabhat Khabar Network
कटिहार के मथुरापुर गांव में महानंदा नदी के भीषण कटाव ने ग्रामीणों को चिंता में डाल दिया है. बाढ़ के कारण मुख्य संपर्क सड़क का बड़ा हिस्सा नदी में समा गया है, जिससे दो वार्डों का संपर्क टूट गया है. ग्रामीण और जनप्रतिनिधि प्रशासन से तत्काल वॉल गार्ड निर्माण और सड़क मरम्मत की मांग कर रहे हैं, ताकि बड़े हादसे को टाला जा सके.
Katihar Flood Erosion: कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत आबादपुर थाना क्षेत्र की शिवानंदपुर पंचायत स्थित मथुरापुर गांव में महानंदा नदी के कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. बुधवार रात नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से वार्ड संख्या 10 एवं 11 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का लगभग आधा हिस्सा कटकर ध्वस्त हो गया. इससे लोगों के आवागमन पर संकट गहरा गया है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
तेजी से बढ़ रहा है नदी का कटाव
ग्रामीणों ने बताया कि महानंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कटाव तेजी से हो रहा है. यदि शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य नहीं कराया गया तो सड़क का शेष हिस्सा भी नदी में समा सकता है और दोनों वार्डों का संपर्क पूरी तरह टूट जायेगा.
स्कूली बच्चों और किसानों की बढ़ी मुश्किलें
यह सड़क गांव की प्रमुख संपर्क सड़क है. प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, किसान और स्थानीय ग्रामीण आवागमन करते हैं. सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है.
जनप्रतिनिधियों ने की वॉल गार्ड निर्माण की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम एवं पंचायत के मुखिया कमरुल के नेतृत्व में वार्ड सदस्य हसनैन, शुक्रू, जाहिर, आलम और सादिक ने प्रशासन से तत्काल वॉल गार्ड (सुरक्षात्मक दीवार) का निर्माण कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील
Katihar Flood Erosion: जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कटाव निरोधी कार्य नहीं कराया गया तो सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी, जिससे हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित होगा. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण कर आपदा राहत मद से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरविंद गुप्ता
अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










