होम डिलीवरी पर जोर, भीड़ से बचने व ऑनलाइन बुकिंग की अपील की

होम डिलीवरी पर जोर, भीड़ से बचने व ऑनलाइन बुकिंग की अपील की
बारसोई में गैस एजेंसियों पर प्रशासन का औचक निरीक्षण, पर्याप्त स्टॉक मिलने से अफवाहों पर विराम बारसोई अनुमंडल प्रशासन ने रविवार को गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए बारसोई के विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया. एसडीओ राजू कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम में एसडीपीओ अजय कुमार व बीडीओ चंदन प्रसाद शामिल रहे. टीम ने आबादपुर मार्ग स्थित एचपी स्वाती गैस एजेंसी तथा एसएच-98 मार्ग पर मौलानापुर स्थित मेसर्स कमरौल इंडेन ग्रामीण वितरक का निरीक्षण किया. एचपी स्वाती गैस एजेंसी में सभी व्यवस्था संतोषजनक पाई गयी. एजेंसी में पहले से 86 सिलेंडर उपलब्ध थे. दो बड़े ट्रैक्टर के माध्यम से अतिरिक्त सिलेंडर भी पहुंचाए गए थे. कमर्शियल सिलेंडर भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद मिले. एसडीओ ने एजेंसी परिसर में अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने का निर्देश दिया तथा उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया. शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए भी कमर्शियल सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्था है. इच्छुक लोगों को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ के नाम शादी का कार्ड संलग्न करते हुए आवेदन देना होगा. एसडीओ राजू कुमार ने आमलोगों से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग करें और ओटीपी के माध्यम से ही सिलेंडर प्राप्त करें. जांच में मौलानापुर स्थित मेसर्स कमरौल इंडेन ग्रामीण वितरक को आवश्यक दस्तावेज अनुमंडल कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां आम लोगों में भरोसा बढ़ा है. गैस वितरण व्यवस्था को लेकर पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने का संदेश भी गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




