नल-जल योजना व ड्रेनेज निर्माण में जदयू नेताओं ने लगाया अनियमितता का आरोप

Updated:
विज्ञापन
नल-जल योजना व ड्रेनेज निर्माण में जदयू नेताओं ने लगाया अनियमितता का आरोप

नल-जल योजना व ड्रेनेज निर्माण में जदयू नेताओं ने लगाया अनियमितता का आरोप

विज्ञापन

जदयू प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

कटिहार. जदयू कटिहार के एक शिष्टमंडल ने गुरुवार को जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी से मिलकर नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से हर घर नल का जल योजना और स्ट्रोम वाटर ड्रेनेज निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की. ज्ञापन में कहा गया कि कटिहार नगर निगम क्षेत्र में दो पुरानी पानी टंकी के अलावा आठ नई पानी टंकियों का निर्माण कराया गया. लेकिन इसके बावजूद शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. आरोप लगाया कि वर्तमान में केवल पांच से छह वार्डों में आंशिक रूप से जलापूर्ति हो रही है. जबकि अधिकांश वार्डों के लोग अब भी योजना के लाभ से वंचित हैं. जदयू नेताओं ने दावा किया कि योजना के रखरखाव और संचालन में लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं. लेकिन धरातल पर इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल रहा है. इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने शहर में चल रहे स्ट्रोम वाटर ड्रेनेज निर्माण कार्य में भी गंभीर अनियमितताओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया. ज्ञापन में कहा गया कि बुडको द्वारा कई वर्षों से नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है. जिसके लिए बिहार सरकार ने लगभग 220 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं. बावजूद इसके बिना मुख्य आउटलेट के ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ देने से आमलोगों, राहगीरों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कार्यस्थलों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है. जदयू नेताओं ने जिला पदाधिकारी से मांग की कि दोनों योजनाओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा शहरवासियों को जल्द राहत दिलाई जाय. मौके पर महानगर अध्यक्ष विशाल सिंह राणा, वरिष्ठ नेता सतीश ठाकुर, नरेश शर्मा, व्यवसाय प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष निरंजन पोद्दार, जिला मुख्य प्रवक्ता इम्तियाज हैदर उपस्थित थे.

विज्ञापन
राजकिशोर

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन