कोढ़ा में टिशू प्लांट केले की फसल में फंगस की गंभीर बीमारी फैली किसान परेशान

कोढ़ा में टिशू प्लांट केले की फसल में फंगस की गंभीर बीमारी फैली किसान परेशान
कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के किसान इन दिनों केले की खेती में भारी नुकसान झेल रहे हैं. आधुनिक तकनीक से तैयार किये गये टिशू प्लांट केले की फसल में फंगस की गंभीर बीमारी फैल गयी है. जिसके कारण पौधे जड़ से गलकर गिरने लगे हैं. किसानों का कहना है कि उन्होंने काफी उम्मीदों व पूंजी लगाकर इस फसल को तैयार किया था. लेकिन बीमारी ने सब कुछ चौपट कर दिया. कई किसान अब अपनी फसल की जुताई करने को मजबूर हो गये हैं. स्थानीय किसान गोपी कुमार ने बताया कि उन्होंने धंमधाह से टिशू प्लांट लाकर एक बीघा में केले की खेती की थी. शुरुआत में पौधे तेजी से बढ़े व अच्छे परिणाम की उम्मीद थी. लेकिन पौधे पांच फीट ऊंचे होते ही जड़ों में फंगस लगने लगा. धीरे-धीरे पूरे खेत में यह बीमारी फैल गयी और पौधे एक-एक कर गलकर गिरने लगे. किसान ने बताया कि उन्होंने कई बार कृषि विभाग से सलाह लेकर दवाइयों का छिड़काव किया. लेकिन किसी भी दवा का असर नहीं दिखा. गोपी कुमार की तरह ही क्षेत्र के कई अन्य किसान भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं. किशन मंडल, राजेश यादव, अजय पासवान, सोनू कुमार सहित कई किसानों ने बताया कि इस बार केले की फसल में भारी निवेश किया गया था. लेकिन फंगस रोग ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया. एक एकड़ केले की खेती में लगभग 60 से 80 हजार रुपये तक की लागत आती है. जबकि अब पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है. किसानों ने बताया कि यह बीमारी पहले इतनी भयावह रूप में नहीं दिखी थी. लेकिन इस बार बारिश के बाद नमी और मिट्टी में फंगस की वृद्धि से स्थिति और बिगड़ गई है. खेतों में लगे पौधों की जड़ें पूरी तरह सड़ चुकी हैं. पौधे अपने आप गिर रहे हैं. किसानों ने कृषि विभाग से मांग की है कि वे जल्द से जल्द विशेषज्ञों की टीम भेजकर बीमारी का कारण खोजें और समाधान बतायें. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इसका इलाज नहीं निकला, तो आने वाले सीजन में कोई भी किसान टिशू प्लांट केले की खेती करने की हिम्मत नहीं करेगा. किसानों ने सरकार से मुआवजा देने की भी मांग की है. ताकि वे फिर से खेती शुरू कर सकें. फिलहाल, कोढ़ा प्रखंड के कई इलाकों में किसान अपनी सूनी पड़ी खेतों को देखकर मायूस नजर आ रहे हैं और भविष्य को लेकर चिंतित हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




