आदिवासी टोला बहरखाल में भूमि विवाद की जांच आयोग सदस्य ने की

Published by : RAJKISHOR K Updated At : 21 May 2026 5:44 PM

विज्ञापन

आदिवासी टोला बहरखाल में भूमि विवाद की जांच आयोग सदस्य ने की

विज्ञापन

कोढ़ा. कोढ़ा के आदिवासी टोला बहरखाल में आदिवासी समाज की जमीन से जुड़ी जनसमस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान बिहार सरकार के अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य तल्लू बास्की मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. जांच के दौरान ग्रामीणों ने आयोग सदस्य के समक्ष अपनी समस्याएं विस्तार से रखी. लोगों ने बताया कि वर्षों से वे अपनी पुश्तैनी जमीन पर रह रहे हैं, लेकिन कुछ मामलों में कागजी प्रक्रिया की कमी, अतिक्रमण और आपसी विवाद के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई परिवारों ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन के सीमांकन और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी हो रही है. जिससे विवाद लगातार बढ़ते जा रहे हैं. तल्लू बास्की ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाय. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों में कागजी प्रक्रिया अधूरी है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाय तथा जिन मामलों में विवाद अधिक गंभीर हैं. वहां राजस्व विभाग की टीम बनाकर जमीन का सीमांकन कराया जाय. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी परिवार को उसकी जमीन से बेदखल करने की कोशिश की गई तो संबंधित दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. इस मौके पर स्थानीय प्रशासन के कई अधिकारी, राजस्व कर्मी और पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने आयोग सदस्य को आश्वस्त किया कि सभी मामलों की जांच तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जायेगा.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन