डाक पार्सल वाहन से 987 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस गश्ती सहित वाहन जांच में तेजी लाये जाने पर बलिया बेलौन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.
बलिया बेलौन. विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस गश्ती सहित वाहन जांच में तेजी लाये जाने पर बलिया बेलौन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मीनापुर फुटानी चौक के पास बैरिकेडिंग लगा कर वाहनों की जांच के दौरान डाक पार्सल की पिकअप वाहन तेजी से भागने का प्रयास करने पर शक के आधार पर बलिया बेलौन पुलिस द्वारा उक्त गाड़ी का पीछा करने पर चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया. उक्त वाहन सील किया हुआ था. इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दिये जाने पर मंगलवार को कदवा थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी आरओ सुमित कुमार सुमन की मौजूदगी में सील तोड़ कर जांच करने पर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई है. एसडीपीओ अजय कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि वाहनों की जांच के क्रम में सोमवार को डाक पार्सल की गाड़ी से 987 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है. वहीं चालक फरार है. अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर चालक सहित वाहन मालिक का नाम पता किया जा रहा है. ज्ञात हो की तस्कर तरह-तरह के हथकंडे अपना कर शराब की तस्करी करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बलिया बेलौन पुलिस की सतर्कता से तस्कर असफल हो रहे हैं. दो दिन पहले आलू लदे वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई थी. इससे पहले पशु चारा भरकर वाहन के बोनट में तहखाना बनाकर शराब की तस्करी नाकाम हो चुकी है. इस सफलता पर लोगों ने पुलिस के प्रयास की सराहना की है. थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने बताया कि शराब के मामले में जरा भी कोताही बर्दाश्त नहीं होगी. हर हाल में सभी लोगों को शराबबंदी कानून का पालन करना होगा. कहीं से गुप्त सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाती है. शराब लाना, ले जाना, पीना, पिलाना, होम डिलीवरी करना संगीन अपराध है. शराबबंदी अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों को सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




