कई वार्ड पार्षद नेपाल की सैर पर

Updated:
विज्ञापन

मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड पार्षदों की सौदेबाजी शुरू हो गयी है. मेयर पद के एक खास दावेदार द्वारा प्रत्येक वार्ड पार्षद को छह लाख नकद व एक चारपहिया वाहन का ऑफर दिया गया है. उक्त दावेदार दो दर्जन से अधिक वार्ड पार्षदों को अपने पक्ष में करने में कामयाब रहे और […]

विज्ञापन
मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड पार्षदों की सौदेबाजी शुरू हो गयी है. मेयर पद के एक खास दावेदार द्वारा प्रत्येक वार्ड पार्षद को छह लाख नकद व एक चारपहिया वाहन का ऑफर दिया गया है. उक्त दावेदार दो दर्जन से अधिक वार्ड पार्षदों को अपने पक्ष में करने में कामयाब रहे और अब ये वार्ड पार्षद सामूहिक रूप से इन दिनों नेपाल की सैर कर रहे हैं.
कटिहार : जिले में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों खासकर मेयर-डिप्टी मेयर, जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा प्रमुख-उपप्रमुख के चुनाव को लेकर न केवल सरगरमी तेज है, बल्कि मोल भाव के जरिये जोड़-तोड़ भी शुरू है. शुक्रवार से प्रमुख व उपप्रमुख की निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गयी है. वहीं मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव सोमवार को होना है. जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए 30 जून की तिथि निर्धारित की गयी है.
पिछले बार की तुलना इस बार इन प्रमुख पदों पर कब्जा जमाने के लिए धनबल का पुरजोर उपयोग किया जा रहा है. शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही चर्चाओं पर भरोसा करें, तो इन खास पदों के दावेदारों द्वारा बोली लगायी जा रही है. जानकार बताते हैं कि कीमत तय होने के बाद दावेदार जीत के लिए जितने सदस्यों की जरूरत है, उन सदस्यों को निर्वाचन तिथि के एक दिन पहले तक जिला से बाहर ले जा रहे हैं. ऐसे सदस्यों का दावेदारों व उनके समर्थकों द्वारा जमकर मेहमानबाजी की जा रही है.
अलग-अलग पद के लिए अलग-अलग कीमत लग रही है. यह सब कुछ हाल के वर्षों से शुरू हुआ है. पिछले एक दशक से धनबल के सहारे इन पदों का क्रेज बढ़ाया गया है. दूसरी तरफ भले ही राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित कर दी हो, लेकिन परदे के पीछे चल रहे इस धनबल के खेल पर आयोग काबू नहीं कर पाया है. यहां तक कि राज्य सरकार का खुफिया तंत्र भी इस मामले में फेल है.
वार्ड पार्षद घर से बाहर हैं…
कटिहार शहरी क्षेत्र में गत 14 जून को नगर निगम के वार्ड पार्षद का चुनाव कराया गया. 16 जून को मतगणना हुई. मतगणना के बाद से ही मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड पार्षदों की सौदेबाजी शुरू हो गयी है. शहरी क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहा व सार्वजनिक स्थलों पर हो रही चर्चाओं पर भरोसा करें, तो मेयर पद के एक खास दावेदार द्वारा प्रत्येक वार्ड पार्षद को छह लाख नकद व एक चारपहिया वाहन का ऑफर दिया गया है.
उक्त दावेदार दो दर्जन से अधिक वार्ड पार्षदों को अपने पक्ष में करने में कामयाब रहे. ये वार्ड पार्षद सामूहिक रूप से इन दिनों नेपाल की सैर कर रहे हैं. सूत्रों की मानें, तो नेपाल सैर कर रहे वार्ड पार्षद सीधे सोमवार को कटिहार शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचेंगे, जहां मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव होगा. इस बीच नेपाल सैर करने गये वार्ड पार्षदों के परिजन बताते हैं कि वार्ड पार्षद घर से बाहर हैं. वार्ड पार्षद के बाहर रहने से स्थानीय लोग भी परेशान हैं.
प्रमुख व उपप्रमुख के दावेदार भी लगा रहे हैं बोली
विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख व उपप्रमुख पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इस पद के दावेदार भी पंचायत समिति सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए तरह-तरह के ऑफर दे रहे हैं. एक लाख से पांच छह लाख तक पंचायत समिति को ऑफर दिया जा रहा है. जो दावेदार सफल हो जाते हैं, वे अपने समर्थक पंचायत समिति सदस्य को लेकर जिला व राज्य से बाहर सैर करने चले जाते हैं. अधिकांश प्रखंडों की स्थिति कमोबेश यही है.
जिप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का भी मार्केट तेज
इसी तरह जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के दावेदार द्वारा भी जिप सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए बोली लगायी जा रही है. जानकारी के मुताबिक, जिला परिषद अध्यक्ष पद के दावेदार एक जिप सदस्य को छह लाख से अधिक का ऑफर कर चुके हैं. वहीं जिप उपाध्यक्ष पद के लिए तीन लाख का बाजार चल रहा है. 33 सदस्यीय जिला परिषद में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए जोर आजमाइश चल रही है. दो तीन दावेदार मैदान में डटे हुये हैं. ऐसे में जिप सदस्यों की बल्ले-बल्ले है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन