कैमूर: दहेज में बाइक नहीं मिली तो विवाहिता को बनाया बंधक, मारपीट कर कमरे में किया बंद; पति समेत छह पर केस

सांकेतिक तस्वीर
कैमूर जिले के चैनपुर में दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को उसके ससुराल पक्ष ने मारपीट कर कमरे में बंधक बना लिया। सूचना पर डायल 112 की टीम ने महिला को मुक्त कराया।
Kaimur News : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पर्वतपुर गांव में दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता के साथ मारपीट, प्रताड़ना और कमरे में बंधक बनाने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग
पीड़िता अंजनी कुमारी ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उसका मायका भगवानपुर थाना क्षेत्र के किनरचोला गांव में है. उसकी शादी अप्रैल 2022 में पर्वतपुर निवासी स्वर्गीय नंदू राम के पुत्र संतोष राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. विवाह के समय मायके पक्ष ने करीब तीन लाख रुपये नकद, 80 हजार रुपये पति के खाते में तथा लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के कपड़े और घरेलू सामान दिए थे.
बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ना
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति संतोष राम, देवर सुजीत राम और संदीप राम तथा चाचा शंकर राम दहेज में बाइक की मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती रही.
मारपीट कर कमरे में किया बंद
अंजनी कुमारी ने आरोप लगाया कि 15 जुलाई की रात सास लाची कुंवर और चचेरी सास मीना देवी के उकसावे पर पति संतोष राम और चचेरा ससुर शंकर राम ने उसके साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर मायके वालों ने डायल 112 पर सूचना दी.
डायल 112 ने कराया मुक्त, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को कमरे से बाहर निकालकर चैनपुर थाना लाई. थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर पति समेत नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










