नौकरी के नाम पर राजस्थान ले जाकर वहां जबरन करा दी शादी, किशोरी बरामद, एक गिरफ्तार

Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 24 Feb 2026 4:56 PM

विज्ञापन

राजस्थान पहुंची चैनपुर पुलिस ने किशोरी को किया सकुशल बरामद, मुख्य आरोपित फरार

विज्ञापन

फोटो 7 राजस्थान से धराये आरोपी के साथ प्रेसवार्ता करते एसडीपीओ = राजस्थान पहुंची चैनपुर पुलिस ने किशोरी को किया सकुशल बरामद, मुख्य आरोपित फरार राजस्थान में बेची गयी कैमूर की बेटी को कराया मुक्त, शादी के नाम पर हुआ था दो लाख में सौदा राजस्थान का गिरोह इलाके में सक्रिय, गरीब बच्चियों को बनाया जा रहा निशाना भभुआ सदर. नौकरी दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जायी गयी एक 17 वर्षीय लड़की को चैनपुर पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. इस मामले में राजस्थान के रहनेवाले एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है. धराया आरोपित राजस्थान के चुरू जिले, सालासर थानाक्षेत्र के खरियाबाद निवासी रामलाल का बेटा सुभाष भामू बताया जाता है. लड़की को बहला फुसलाकर ले जाने की यह घटना 27 दिसंबर 2025 की है. सोमवार को भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर बताया कि एक सप्ताह पहले चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहनेवाले कुछ लोग एसपी हरिमोहन शुक्ल से मिलने पहुंचे थे, जहां उनके द्वारा बताया गया कि उनके परिवार की एक बच्ची को सीकर राजस्थान का रहनेवाला महेश कुमार नाम का एक व्यक्ति नौकरी देने के नाम पर अपने साथ ले गया और वहां ले जाने के बाद उसने बच्ची की जबरन शादी किसी और से करा दी है. एसपी ने तत्काल ही एसडीपीओ को इस मामले में कार्रवाई कर बच्ची को सकुशल बरामद करने व आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. एसपी के निर्देश के बाद एसडीपीओ ने चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया. टीम में थानाध्यक्ष के अलावा एएसआइ चंदन कुमार सहित महिला व पुरुष बल शामिल थे. कार्रवाई के लिए स्पेशल टीम राजस्थान पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से चुरू जिले के खरियाबाद बस्ती से 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया और किशोरी को कब्जे में रखने वाले आरोपित सुभाष भामू को गिरफ्तार कर लिया गया. जबकि, इस मामले का मुख्य आरोपित चुरू निवासी महेश कुमार फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है. = लड़की से शादी के लिए धराये आरोपित ने दिये थे दो लाख रुपये एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के क्रम में धराये सुभाष भामू ने बताया है कि उसने लड़की से शादी करने के लिए महेश कुमार को दो लाख रुपये दिये हैं और रुपये देने के बाद उसने लड़की से शादी कर उसे अपने घर में रखे हुआ था. एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि राजस्थान का एक गिरोह इस क्षेत्र में सक्रिय है, जो गरीब लोगों की बच्चियों को प्रलोभन व पैसे का लालच देकर ले जा रहे है और उनसे शादी कर रहे है. इसमें स्थानीय लोगों की भी संलिप्तता सामने आयी है. पुलिस इन गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम और पते का सत्यापन करते हुए वैसे लोगों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई कर रही है. फिलहाल बरामद हुई किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही धराये आरोपित को मेडिकल चेकअप के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन