ठंड में पशुओं की सेहत का भी रखें विशेष ख्याल
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 17 Dec 2024 8:38 PM
जिले में पिछले एक सप्ताह से ठंड बढ़ गयी है. ठंड बढ़ते ही पशुपालकों को अपने पशुओं में होने वाले बीमारी की चिंता सताने लगी है.
भभुआ सदर. जिले में पिछले एक सप्ताह से ठंड बढ़ गयी है. ठंड बढ़ते ही पशुपालकों को अपने पशुओं में होने वाले बीमारी की चिंता सताने लगी है. इसमें दुधारू पशुओं में होने वाली बीमारी को लेकर पशु विभाग द्वारा लोगों को अपने पशुओं का विशेष ध्यान देने के लिए सलाह दी जा रही है. किसान भी मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए बोरी या मोटे कपड़े ढंक कर रख रहे हैं. पशु चिकित्सक डॉ अरविंद कुमार ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से तापमान में अचानक कमी आयी है. इसके साथ ही पछुआ हवा चलने से ठंड और बढ़ गयी है. पशुओं को अत्यधिक सर्दी से बचाने के उपाय किये जाने चाहिए. ऐसे समय में पशुओं को रात के समय खुले में कभी नहीं बांधे और पशुओं को गर्म स्थान पर जैसे छत के नीचे या घास फूस से छप्पर के नीचे रखें. साथ ही फर्श गीले या ठंडे नहीं होने चाहिए. धूप निकलने पर पशुओं को धूप में जरूर बांधें, सूर्य की किरणें जीवाणु और विषाणु को नष्ट करने में सक्षम होती है. साथ ही अधिक ठंड पड़ने पर पशु के शरीर को गर्म रखने के लिए शरीर पर कपड़े या जूट का बोरा बांधकर रखने चाहिए. = खुरहा समेत कई बीमारियों का बढ़ जाता है खतरा दरअसल, खुरहा, मुंहपका रोग, गलाघोंटू, लंगडी, भेड़, चेचक आदि रोगों के होने की संभावनाएं बढ़ जाती है. इन बीमारियों से बचाव के लिए पशुपालकों को टीके लगवा लेना चाहिए. इसके साथ ही पशुओं को उचित कृमि नाशक दवाओं का भी उपयोग करना चाहिए. डॉ अरविंद ने बताया कि इस मौसम में बछड़ों में निमोनिया होने का खतरा भी रहता है, ऐसी स्थिति में पशु चिकित्सक से यथाशीघ्र परामर्श लेकर उचित औषधि पशुओं को देनी चाहिए. साथ ही बताया कि दुधारू पशुओं में इस समय थनैला रोग का भी खतरा जयादा रहता है. इनसेट शाम होते ही छाने लगा कोहरा, बढ़ने लगी ठंड भभुआ सदर. जैसे-जैसे दिसंबर का महीना अब अंतिम पड़ाव की ओर जा रहा है, वैसे-वैसे शाम होते ही अब ठंड के साथ कोहरा छाने लगा है. रात का तापमान भी धीरे-धीरे कम होने लगा है, जिससे ठंड बढ़ रही है. हालांकि, दिन में धूप खिलने से लोगों को राहत महसूस हो रही है. सांख्यिकी विभाग के अनुसार, जिले का अधिकतम तापमान गिरकर 24.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है. न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है. मौसम विज्ञानी डॉ वीरेंद्र कुमार की माने तो आनेवाले दिनों में ठंड की रफ्तार और तेजी से बढ़ेगी और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी आयेगी. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण सर्द हवा चलेगी, जिससे हाड़ कंपाने वाली ठंड का एहसास होगा. इधर, कोहरा छाने और बढ़ रही ठंड के कारण शाम होते ही लोग घरों में चले जा रहे हैं. रात 10 बजे तक बाजार बंद हो जा रहा है. मॉर्निंग वाक के लिए भी लोग शहर में देर से निकल रहे हैं. बाजार में भी ठंड को लेकर गर्म कपड़ों का बाजार गर्म हो गया है. साल, स्वेटर, कंबल की बिक्री शुरू हो गयी है. इधर, खेती किसानी के लिए मौसम अनुकूल बताया जा रहा है. मौसम की अनुकूलता की वजह से इस बार धान की तरह रबी की भी बंपर पैदावार होने की संभावना है. जानकारी के अनुसार, जिले के लगभग अधिकतर खेतों में गेहूं की बुआई हो चुकी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










