अवैध बहाली व पैसे के दबाव को लेकर एक-दूसरे पर लगाये गंभीर आरोप

भभुआ नगर पर्षद बना रणक्षेत्र, पार्षद व प्रधान लिपिक आमने-सामने
= दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ डीएम को पत्र लिख की कार्रवाई की मांग भभुआ नगर पर्षद बना रणक्षेत्र, पार्षद व प्रधान लिपिक आमने-सामने मामला थाना से डीएम तक पहुंचा, बोर्ड बैठक में होगा फैसला भभुआ कार्यालय. भभुआ का नगर पर्षद युद्ध का मैदान बना हुआ है, वहां की स्थिति इतनी बिगड़ गयी है कि पार्षद और वहां के प्रधान लिपिक एक-दूसरे पर काफी गंभीर आरोप लगा रहे हैं और मामला थाना से लेकर डीएम तक पहुंच गया है. वार्ड नंबर 24 के पार्षद परमानंद केसरी व प्रधान लिपिक जयप्रकाश तिवारी के बीच मामला इतना बढ़ गया है कि दोनों एक दूसरे के ऊपर अवैध तरीके से प्रधान लिपिक बनाने, पैसा हजम व नाजायज काम करने के लिए दबाव बनाने जैसा गंभीर आरोप लगा रहे हैं. पार्षद और प्रधान लिपि के बीच टकराव डीएम तक पहुंच गया है. वहीं, दूसरी तरफ नगर पर्षद में उक्त घटना का साइड इफेक्ट यह है कि वहां काम से अधिक पार्षद व प्रधान लिपिक के बीच टकराव की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, जहां एक दूसरे के खिलाफ प्रतिदिन सबूत एकत्रित किये जा रहे हैं. = पार्षद ने प्रधान लिपिक को हटाने के लिए इओ व डीएम को लिखा पत्र वार्ड 24 के पार्षद परमानंद केसरी ने नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर प्रधान लिपिक जयप्रकाश तिवारी को हटाने की मांग की है. उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि डीएम की जांच में यह स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि प्रधान लिपिक जयप्रकाश तिवारी प्रधान लिपिक बनाने की अर्हता को पूरा नहीं करते हैं, ऐसे में उन्हें डीएम द्वारा करायी गयी जांच के आधार पर तत्काल प्रधान लिपि के पद से हटा दिया जाये. जब पार्षद के पत्र पर जयप्रकाश तिवारी को प्रधान लिपिक के पद से नहीं हटाया गया, तो पार्षद परमानंद केसरी ने डीएम को पत्र लिख कार्यपालक पदाधिकारी की प्रधान लिपिक के साथ मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई करने की गुहार लगायी गयी है. डीएम को लिखे अपने पत्र में परमानंद केसरी ने कहा है कि आपके द्वारा करायी गयी जांच में स्पष्ट है कि यह जयप्रकाश तिवारी नगर पर्षद में प्रधान लिपिक के पद की आहर्ता को पूरी नहीं करता हैं और नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा उन्हें हटाया भी नहीं जा रहा है, ऐसे में आप ही अपने स्तर से कार्रवाई करते हुए जयप्रकाश तिवारी को प्रधान लिपिक के पद से हटाएं. प्रधान लिपिक ने पार्षद पर नाजायज काम के लिए दबाव बनाने का लगाया है आरोप इधर, नगर पर्षद के प्रधान लिपिक जयप्रकाश तिवारी द्वारा भी वार्ड नंबर 24 के पार्षद परमानंद केसरी पर कई गंभीर आरोप लगाये गये हैं. उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि उन्हें नगर पर्षद के नियम के अनुसार मुझे नियमानुकूल प्रधान लिपिक बनाया गया है, लेकिन वार्ड पार्षद परमानंद केसरी द्वारा बार-बार मेरे ऊपर दबाव बनाया जाता है और प्रताड़ित किया जाता है कि आपकी बहाली अवैध है और आपकी हम नौकरी खा जायेंगे. इस तरह की धमकी देकर वह हमेशा नाजायज व गलत काम करने के लिए हमारे ऊपर दबाव बनाते हैं. इसके साथ ही वह हमेशा हमसे पैसे की मांग करते हैं, जो कि हम दे पाने में अक्षम हैं. मुझे इस कदर प्रताड़ित किया जा रहा है कि मुझे कभी हार्ट अटैक भी आ सकता है या मेरी जान जा सकती है और इसके लिए जिम्मेदार वार्ड पार्षद परमानंद केसरी होंगे. मेरी तबीयत हमेशा खराब रहती है और मुझे इसके बावजूद लगातार प्रताड़ित करने से लेकर नौकरी खाने के धमकी दिये जाने का काम वार्ड पार्षद परमानंद केसरी द्वारा किया जा रहा है. = क्या कहते हैं इओ इधर, इस संबंध में पूछे जाने पर नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने बताया कि वार्ड 24 के पार्षद परमानंद केसरी द्वारा प्रधान लिपिक के प्रमोशन पर सवाल खड़ा करते हुए पत्र लिखा गया है. पत्र पर उचित कार्रवाई करने का आदेश जिलाधिकारी के ओएसडी से प्राप्त हुआ है. उक्त आदेश पर प्रधान लिपिक जयप्रकाश तिवारी का मामला बोर्ड की बैठक में रखा जायेगा, अब बोर्ड ही इस पर अंतिम निर्णय लेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




