रामगढ़ में 29 मई से बिहार-यूपी की 7 टीमों के बीच हॉकी टूर्नामेंट, 31 मई को महिला खिलाड़ियों का मैच
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 27 May 2026 7:57 PM
हॉकी टूर्नामेंट आयोजन समिति
Kaimur News: रामगढ़ की ऐतिहासिक धरती एक बार फिर हॉकी के रोमांच से गुलजार होने जा रही है. आगामी 29 मई से प्लस टू खेल मैदान में तीन दिवसीय अंतरप्रांतीय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिहार और उत्तर प्रदेश की दिग्गज टीमें अपना दम खम दिखाएंगी.
Kaimur News (रंजय जायसवाल की रिपोर्ट) : रामगढ़ की धरती एक बार फिर हॉकी के रोमांचक मुकाबलों से गुलजार होने जा रही है. आगामी 29 मई से 31 मई तक स्थानीय प्लस टू खेल मैदान में स्वर्गीय रामाधार तिवारी मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के बैनर तले तीन दिवसीय अंतरप्रांतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इस बड़े खेल आयोजन को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में अभी से खासा उत्साह देखा जा रहा है. बुधवार की दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस प्रतियोगिता के आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई.
टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी बिहार और उत्तर प्रदेश की 7 टीमें
प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए समिति के संयोजक सह एनआईएस (NIS) कोच संजय तिवारी ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार और उत्तर प्रदेश की कुल सात टीमें हिस्सा ले रही हैं. बिहार से खगड़िया, सहरसा, भोजपुर, वैशाली, आरके राय पटना तथा मेजबान स्वर्गीय रामाधार तिवारी मेमोरियल रामगढ़ की टीम मैदान में उतरेगी, जबकि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से विवेक सिंह हॉकी एकेडमी वाराणसी की टीम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचेगी.
दो चरणों में खेले जाएंगे मुकाबले, तैयारियां पूरी
उन्होंने बताया कि खेल प्रेमियों की सुविधा को देखते हुए मैचों का आयोजन प्रतिदिन दो चरणों में कराया जाएगा. पहले चरण के मुकाबले सुबह छह बजे से नौ बजे तक तथा दूसरे चरण के मुकाबले शाम चार बजे से छह बजे तक खेले जाएंगे. प्रतियोगिता के दौरान खेल प्रेमियों को कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे. आयोजन समिति द्वारा खेल मैदान की तैयारी, बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहराव (रुकने) और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं.
विशेष आकर्षण: 31 मई को होगा महिला हॉकी का महामुकाबला
टूर्नामेंट के विशेष आकर्षण के रूप में 31 मई को एक दिवसीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पटना और सीवान की टीमों के बीच खेला जाएगा. महिला खिलाड़ियों के इस महामुकाबले को लेकर भी खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्सुकता है. आयोजकों का कहना है कि इस महिला हॉकी मैच में सूबे की कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने बेहतरीन खेल का जलवा बिखेरेंगी.
विदित हो कि रामगढ़ में हॉकी खेल को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता लगातार तीसरी बार आयोजित की जा रही है. खेल के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति और अनुशासन का संदेश देने का भी एक सार्थक प्रयास किया जा रहा है.
इस भव्य खेल आयोजन को सफल बनाने में संदीप तिवारी, पवन सिंह, अजीत कुमार सिंह उर्फ नन्हे सिंह, कुमार रवि, कौशल सिंह, रवि यादव और संजय यादव अहम भूमिका निभा रहे हैं. आयोजन समिति और स्थानीय खेल प्रेमियों ने आम जनता से बड़ी संख्या में मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है.
Also Read: मुंडेश्वरी धाम में सीएम के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन सख्त, बुल्डोजर चलाकार हटाया गया अतिक्रमण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










