कैमूर में जाम नालियों से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, वार्ड-11 के लोगों ने BDO से लगाई गुहार

नाले की तस्वीर
कैमूर जिले के दुर्गावती में जाम नालियों के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है. गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
Durgawati Drainage Problem Kaimur : कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र की सावठ पंचायत के वार्ड संख्या-11 में जाम नालियों के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. दुर्गावती बाजार स्थित मस्जिद के पास नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा हो रहा है. इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
Kaimur News : नालियां जाम, सड़क पर फैला गंदा पानी
वार्ड संख्या-11 के लोगों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है. नालियां कचरे और गाद से भर जाने के कारण जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है. नतीजतन गंदा पानी सड़क और गलियों में जमा होकर बजबजाने लगा है, जिससे आम लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है.
दुर्गंध और मच्छरों से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार गंदे पानी के जमाव से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है. साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है. बाजार आने वाले लोगों और आसपास रहने वाले परिवारों को रोजाना इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
बाजार निवासी नाजीर फारूकी सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. प्रशासन की उदासीनता के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.
बीडीओ को सौंपा आवेदन
समस्या से परेशान वार्ड-11 के लोगों ने सामूहिक रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन देकर नालियों की सफाई, मरम्मत और नियमित देखरेख कराने की मांग की है. वार्डवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की अपील की है, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










