कैमूर : मोहनिया चेकपोस्ट पर कार से 282 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

जब्त शराब के साथ पुलिस
Kaimur Liquor Seizure : कैमूर के मोहनिया जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने एक कार से 282 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है.
Kaimur Liquor Seizure : कैमूर जिले के मोहनिया समेकित जांच चौकी पर वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. कार की तलाशी में 282 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है.
वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई
जानकारी अनुसार मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि मोहनिया समेकित जांच चौकी पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने संदेह के आधार पर एक कार को रोका. तलाशी लेने पर कार से 282 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद कार को जब्त कर लिया गया.
एक तस्कर गिरफ्तार
उत्पाद विभाग ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान रोहतास जिले के डिहरी नगर थाना क्षेत्र के न्यू डालमिया वार्ड संख्या-21 निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार, पिता प्रदीप विश्वकर्मा, के रूप में हुई है.
उत्पाद निरीक्षक ने दी कार्रवाई की जानकारी
समेकित जांच चौकी के उत्पाद निरीक्षक गुंजेश कुमार ने बताया कि नियमित वाहन जांच के दौरान संदेह के आधार पर कार की तलाशी ली गई. तलाशी में कुल 282 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद चालक अमित कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर शराब और कार को जब्त कर लिया गया.
पहले भी जा चुका है जेल
उत्पाद निरीक्षक के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वह इससे पहले भी रोहतास जिले में शराब तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है. इसके बावजूद वह दोबारा अवैध शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा गया. उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ बिहार मध्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
भटानी पुल के पास से भी बरामद हुआ शराब
इधर, कैमूर के चांद प्रखंड क्षेत्र से पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रखंड के भटानी पुल के पास से 585 पीस ब्लू लाइन देसी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शराब ढोने में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है. गिरफ्तार युवक की पहचान गोराईपुर गांव निवासी मुंशी बिंद के लगभग 18 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष भागीरथ कुमार ने बताया कि नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम भटानी पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी.
नंबर प्लेट को मिटाने का किया गया था प्रयास
इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान बाइक से 585 पीस ब्लू लाइम देसी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके पर ही शराब और बाइक को जब्त कर चालक गोविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त की गई बाइक की नंबर प्लेट को खरोंचकर मिटाने का प्रयास किया गया था, जिससे उसकी पहचान छिपाई जा सके. पुलिस बाइक के वास्तविक पंजीकरण और शराब के स्रोत की भी जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था.
Also Read : कैमूर में अपराध नियंत्रण के लिए चला सुपर पेट्रोलिंग अभियान, पुलिस अधिकारियों को दिया गया सख्त निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










