कैमूर में 532 महादलित टोलों से लेकर जगजीवन स्टेडियम तक गूंजेगा तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर होंगे भव्य कार्यक्रम

Updated:
विज्ञापन

फोटो.17. फोटो बैठक करते डीएम | Prabhat Khabar Network

कैमूर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी पूरी। जगजीवन स्टेडियम में सुबह नौ बजे होगा ध्वजारोहण, जिले के 532 महादलित टोलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विज्ञापन

Kaimur News : स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 को लेकर कैमूर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शुक्रवार को जिला समाहरणालय के मां मुंडेश्वरी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक समेत जिले के वरीय पदाधिकारी शामिल हुए. डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी का उत्सव है, इसलिए आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

जगजीवन स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह. 15 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित जगजीवन स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित होगा. सुबह नौ बजे जिला प्रभारी मंत्री ध्वजारोहण करेंगे. समारोह से पहले 11 से 13 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह आठ से 10 बजे तक परेड का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा. इसकी जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक रक्षित को दी गई है. स्टेडियम की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, टेंट, कुर्सी, साउंड सिस्टम, पेयजल, अग्निशमन और चिकित्सा व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

532 महादलित टोलों में भी फहरेगा तिरंगा. स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी 532 महादलित टोलों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यहां परंपरा के अनुसार सबसे बुजुर्ग नागरिक द्वारा झंडोत्तोलन कराया जाएगा. महादलित टोलों की सूची 11 अगस्त तक जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जिला कल्याण पदाधिकारी को दी गई है. कार्यक्रम के दौरान विकास मित्र ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे.

सुबह छह बजे निकलेगी प्रभात फेरी. स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह छह बजे समाहरणालय से एकता चौक तक स्कूली छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी निकाली जाएगी. इस दौरान छात्रों के साथ चिकित्सा दल और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी. सुबह आठ बजे तक कैमूर स्तंभ, महात्मा गांधी प्रतिमा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और चंद्रशेखर आजाद स्मारक सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर माल्यार्पण किया जाएगा.

फुटबॉल मैच और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. दोपहर बाद चार बजे से जगजीवन स्टेडियम में प्रशासन बनाम जनता के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच होगा. इसके बाद नियमित मैच आयोजित किया जाएगा. शाम छह बजे से रात नौ बजे तक लिच्छवी भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. इसमें स्वतंत्रता संग्राम, स्वच्छता और स्थानीय विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी.

उत्कृष्ट लोगों को किया जाएगा सम्मानित. समारोह के दौरान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, कलाकारों, उत्कृष्ट पदाधिकारियों एवं कर्मियों और समाजसेवियों को गुड्स सेमेटेरियन के रूप में सम्मानित किया जाएगा. बैठक में निमंत्रण कार्ड, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, लाइव टेलीकास्ट, शहर की सफाई, चलंत शौचालय, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई.

झंडोत्तोलन का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

समयस्थल
सुबह 9:00 बजेजगजीवन स्टेडियम, भभुआ
सुबह 10:00 बजेजिला समाहरणालय
सुबह 10:05 बजेजिला परिषद कार्यालय
सुबह 10:10 बजेविकास भवन, जिला समाहरणालय
सुबह 10:35 बजेअनुमंडल कार्यालय, भभुआ
सुबह 10:45 बजेसदर थाना, भभुआ
सुबह 11:00 बजेपुलिस लाइन, भभुआ

डीएम ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करें और पूरे आयोजन को सुरक्षा, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराएं.


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन