कैमूर में औचक निरीक्षण में स्कूल से गायब मिलीं शिक्षिका, 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण

Updated:
विज्ञापन

बीआरसी रामपुर | Prabhat Khabar Network

रामपुर के न्यू प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका पूनम कुमारी को बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर बीडीओ ने कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है।

विज्ञापन

Kaimur News : न्यू प्राथमिक विद्यालय दुबौली में विशिष्ट शिक्षिका के बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है. औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षिका के स्कूल में नहीं मिलने पर प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह बीडीओ ऋतु रंजन कुमार ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है. शिक्षिका पर सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना अनुपस्थित रहने और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है.

औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिलीं शिक्षिका

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान न्यू प्राथमिक विद्यालय दुबौली की विशिष्ट शिक्षिका पूनम कुमारी विद्यालय में अनुपस्थित मिलीं. कार्यालय के लेखापाल हिमांशु शेखर पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि उपस्थिति पंजी की जांच में शिक्षिका की 27 और 28 जुलाई 2026 की उपस्थिति दर्ज नहीं मिली. विभाग के अनुसार बिना सूचना या सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के लगातार दो दिनों तक अनुपस्थित रहना सरकारी सेवक के दायित्वों के प्रतिकूल है.

प्रधान शिक्षक की भूमिका पर भी सवाल

जारी नोटिस में शिक्षिका की अनुपस्थिति के बावजूद उपस्थिति पंजी में उचित प्रविष्टि नहीं होने का भी उल्लेख किया गया है. विभाग ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रधान शिक्षक की भूमिका पर भी सवाल उठाया है. पत्र में प्रथमदृष्टया प्रधान शिक्षक की मिलीभगत की आशंका जताते हुए इसे विभागीय निर्देशों का उल्लंघन और अनुशासनहीनता बताया गया है.

24 घंटे में मांगा गया जवाब

प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षिका को नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर साक्ष्य सहित लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर प्रचलित विभागीय नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है. नोटिस में कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षिका की बतायी गयी है.

27 और 28 जुलाई का वेतन स्थगित

विभाग ने कार्रवाई के तहत 27 और 28 जुलाई 2026 का वेतन भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है. नोटिस के अनुसार स्पष्टीकरण के निस्तारण तक इन दोनों तिथियों का वेतन भुगतान नहीं किया जायेगा. विभाग की कार्रवाई के बाद विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली को लेकर निगरानी और सख्त होने के संकेत हैं.


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन