कैमूर के MBA छात्र की देहरादून में मौत, जॉब इंटरव्यू देने गया था युवक

Updated:
विज्ञापन

रोते-बिलखते परिजन

Kaimur News: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के बजरकोना गांव निवासी अखिल कुमार (22 वर्ष) की उत्तराखंड के देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. नोएडा में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रहा अखिल 14 जून को इंटरव्यू के लिए देहरादून गया था. वहाँ देर शाम दोस्त की बाइक से खाना खाने जाने के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी. एम्बुलेंस से शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

विज्ञापन

कुदरा से सत्येंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट
Kaimur News:
कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरकोना गांव से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां के निवासी राकेश कुमार सिंह के इकलौते 22 वर्षीय बेटे अखिल कुमार की रविवार की देर रात उत्तराखंड के देहरादून में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. यह दर्दनाक दुर्घटना देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सहस्रधारा क्रॉसिंग के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस घटना के बाद से बजरकोना सहित आसपास के गांवों में गहरा मातम पसरा हुआ है.

इंटरव्यू देने देहरादून गया था इकलौता बेटा, कार ने मारी जोरदार टक्कर

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अखिल कुमार नोएडा में रहकर एमबीए (MBA) की पढ़ाई कर रहा था. वह 14 जून को एक जॉब इंटरव्यू के सिलसिले में नोएडा से देहरादून गया हुआ था. देहरादून में वह अपने एक दोस्त के यहां ठहरा था.

रविवार की देर शाम वह अपने उसी दोस्त की बाइक लेकर इंटरव्यू के बाद किसी होटल में खाना खाने के लिए निकला था. इसी दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के सहस्रधारा क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने उसकी बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. इस भीषण टक्कर में बाइक सवार अखिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.

हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पुलिस ने परिवार को दी जानकारी

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रायपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने लहूलुहान अवस्था में घायल अखिल को इलाज के लिए तत्काल नजदीकी कोरोनेशन हॉस्पिटल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने सघन जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया.

इसके बाद देहरादून की स्थानीय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों (कैमूर जिला अंतर्गत कुदरा के बजरकोना गांव निवासी पिता राकेश कुमार सिंह) को इस दुखद घटना की जानकारी दी.

एम्बुलेंस से गांव पहुंचा शव, चीत्कारों से गूंज उठा पूरा इलाका

देहरादून से एम्बुलेंस के जरिए जैसे ही अखिल कुमार का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव बजरकोना पहुंचा, वैसे ही पूरे गांव में चारों तरफ चीत्कार और कोहराम मच गया. इकलौते नौजवान बेटे का शव देख माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: कैमूर में कृषि चौपाल का आयोजन, किसानों को फार्मर रजिस्ट्री और नई कृषि तकनीक अपनाने की सलाह

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन