कैमूर में फ्लड लाइट फुटबॉल का रोमांच, फुफुआव और बियूर के बीच होगा खिताबी मुकाबला
जीतने के बाद खिलाड़ी
Kaimur News: कैमूर के रामगढ़ में आयोजित रात्रिकालीन सात सदस्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में फुफुआव और बियूर ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. पहले सेमीफाइनल में यूपी की फुफुआव ने कुर्रा को 2-1 से हराया, जबकि दूसरे रोमांचक मैच में बिहार की बियूर टीम ने यूपी के गाजीपुर इलेवन को ट्राईब्रेकर में 5-1 से पराजित किया.
रामगढ़ से रंजय जायसवाल की रिपोर्ट
Kaimur Sports News: कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय के खेल मैदान पर दूधिया रोशनी (फ्लड लाइट) के बीच आयोजित रात्रि सात सदस्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता अपने चरम पर पहुंच गई है. सोमवार की रात मॉर्निंग वॉक टीम के तत्वावधान में खेले गए दो अलग-अलग सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज कर फुफुआव और बियूर की टीमों ने फाइनल का टिकट कटा लिया है. प्रतियोगिता का महामुकाबला यानी फाइनल मैच मंगलवार की रात खेला जायेगा. इस टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश और बिहार की कुल आठ नामचीन टीमें शामिल हुई हैं.
सेमीफाइनल मैचों का रोमांच: फुफुआव और बियूर ने मारी बाजी
सोमवार की रात खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में उत्तर प्रदेश की फुफुआव टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कुर्रा की टीम को 2-1 के अंतर से पराजित किया. वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें बिहार की बियूर टीम ने उत्तर प्रदेश की मजबूत गाजीपुर इलेवन को ट्राईब्रेकर में 5-1 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया.
सडन डेथ और कड़े मुकाबलों से तय हुआ था सेमीफाइनल का सफर
इससे पहले क्वार्टर फाइनल राउंड में भी दर्शकों को कांटे की टक्कर देखने को मिली थी. एक मुकाबले में पटना और गाजीपुर इलेवन के बीच निर्धारित 25-25 मिनट के खेल में दोनों टीमें एक-दूसरे पर बढ़त बनाने में असफल रही थीं. इसके बाद अंपायर की सहमति से कराए गए ट्राईब्रेकर में भी पांच-पांच अवसरों के बाद स्कोर बराबर रहा. अंततः सडन डेथ ट्राईब्रेकर में गाजीपुर इलेवन ने एक गोल की बढ़त बनाकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था.
वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में कैमूर आईटीआई चौरसिया और बियूर की टीमें आमने-सामने थीं. दोनों टीमों ने निर्धारित समय तक 2-2 गोल दागे थे, जिसके बाद ट्राईब्रेकर में बियूर की टीम ने एक गोल से जीत दर्ज कर अंतिम चार (सेमीफाइनल) में जगह बनाई थी.
रामगढ़ में पहली बार हो रहा है ऐसा आयोजन, समाजसेवियों ने किया उद्घाटन
स्थानीय खेल प्रेमियों के लिए यह आयोजन बेहद खास है, क्योंकि रामगढ़ के प्लस टू खेल मैदान पर पहली बार इस तरह की रात्रिकालीन सात सदस्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. इसे देखने के लिए देर रात तक मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ जमी रही. इस विशेष फॉर्मेट में सामान्य 11 खिलाड़ियों की जगह केवल सात खिलाड़ी ही मैदान में उतरते हैं, और 45-45 मिनट के खेल की अवधि को घटाकर 25-25 मिनट का रखा जाता है, जिससे खेल की रफ्तार और रोमांच काफी बढ़ जाता है.
मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया
इससे पहले प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन क्षेत्र के अग्रणी व्यवसायी और समाजसेवी तरुण सिंह, पप्पू सिंह और अय्याज़ खान के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. उन्होंने मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया. मैचों में रेफरी की मुख्य भूमिका भोला सिंह और विमलेश सिंह ने निभाई, जबकि अरुण राम और अजय गुप्ता ने अपनी बेहतरीन कमेंट्री से दर्शकों को मैच का आंखों देखा हाल सुनाया. इस पूरे भव्य आयोजन को सफल बनाने में डॉ. संजय सिंह, माझिल तिवारी, सुशील चौधरी, पंकज सिंह, करण सिंह, पुतुल, टिंकू सिंह, विक्रम, अमन और लाल की अहम भूमिका रही.
Also Read: कैमूर के MBA छात्र की देहरादून में मौत, जॉब इंटरव्यू देने गया था युवक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Suryakant Kumar
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










