कैमूर की धमाकेदार जीत, बेतिया को हराकर सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

फोटो.10. भभुआ टीम के खिलाड़ी एवं कोच | Prabhat Khabar Network
कैमूर की टीम ने 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. दानिश अहमद के निर्णायक गोल की बदौलत टीम ने पश्चिमी चंपारण को 1-0 से हराया.
Kaimur Subroto Mukherjee Football Tournament : बिहार सरकार के खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना और जिला प्रशासन किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय अंडर-17 बालक वर्ग में कैमूर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. किशनगंज के बीएसएफ ग्राउंड, खगड़ा खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में कैमूर ने पश्चिमी चंपारण (बेतिया) को 1-0 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की.
Kaimur News : दानिश अहमद ने दागा मैच का इकलौता गोल
कैमूर टीम के स्टार खिलाड़ी दानिश अहमद (जर्सी नंबर-09) ने पूरे मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल किया. उनके इस गोल की बदौलत कैमूर ने रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया. मैदान पर उनके बेहतरीन प्रदर्शन की दर्शकों और खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की.
मजबूत रक्षा और शानदार तालमेल बना जीत की वजह
पूरे मुकाबले में कैमूर की टीम ने शानदार तालमेल, मजबूत डिफेंस और आक्रामक रणनीति का प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों के अनुशासित खेल की बदौलत विरोधी टीम को बराबरी का मौका नहीं मिला. इस जीत से टीम का मनोबल काफी ऊंचा हो गया है.
अब मुंगेर से होगी क्वार्टर फाइनल की टक्कर
क्वार्टर फाइनल में अब कैमूर का मुकाबला मुंगेर की टीम से होगा. खिलाड़ी अगले मुकाबले के लिए पूरी तैयारी में जुट गए हैं. जिले के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि टीम आगे भी शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर कैमूर का नाम रोशन करेगी.
जीत पर खिलाड़ियों को मिली बधाई
कैमूर की जीत पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ओम प्रकाश कुमार, वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी रामबचन पांडेय, पूर्व जिला क्रीड़ा सचिव राम प्रसाद सिंह, कबीर अली, अधिवक्ता रमेश प्रसाद निषाद, निर्मल यादव, मुकेश पटेल, कृष्णा सिंह सहित कई खेल प्रेमियों ने टीम और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अगले मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










