तेज रफ्तार ओवरलोडेड ट्रैक्टर, संकरी गलियों में हादसे का डर बढ़ा
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 01 Jun 2026 6:20 PM
मिट्टी लदे ट्रैक्टर
Kaimur News: कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय में इन दिनों नियमों को ताक पर रखकर बिना त्रिपाल ढके ओवरलोडेड ट्रैक्टरों से मिट्टी की ढुलाई की जा रही है. गांव की संकरी गलियों में तेज रफ्तार से दौड़ रहे इन ट्रैक्टरों के कारण हर समय बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.
Kaimur News ( भगवानपुर से पंकज सिंह की रिपोर्ट ):
प्रखंड मुख्यालय भगवानपुर में इन दिनों गांव की संकरी गलियों से बिना त्रिपाल ढके ओवरलोडेड ट्रैक्टरों द्वारा मिट्टी ढुलाई का कार्य धड़ल्ले से किया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दर्जनों ट्रैक्टर नियमों की अनदेखी करते हुए दिनभर मिट्टी की ढुलाई कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की परेशानी काफी बढ़ गई है.
तेज रफ्तार ओवरलोडेड ट्रैक्टरों से हादसे का डर, अभिभावक चिंतित
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टरों पर क्षमता से अधिक मिट्टी लादकर तेज गति से संकरी गलियों से गुजरा जा रहा है, जिसके कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. विशेषकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति काफी खतरनाक साबित हो सकती है. पठन-पाठन के लिए शिक्षण संस्थान आने-जाने वाले बच्चों के अभिभावकों ने भी इस पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि अनियंत्रित ट्रैक्टरों की वजह से किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
सड़कों पर गिर रही मिट्टी, धूल उड़ने से राहगीर परेशान
बिना त्रिपाल ढके मिट्टी ढुलाई होने से पूरी सड़क पर मिट्टी गिरती रहती है. इसके कारण क्षेत्र में दिनभर धूल उड़ती रहती है और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए इन रास्तों से गुजरना दूभर हो गया है.
समय से पहले टूट रही हैं गांव की सड़कें, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
भारी वाहनों के लगातार परिचालन से गांव की पक्की एवं कच्ची सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि ये सड़कें समय से पहले ही टूटने लगी हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच रहा है. स्थानीय लोगों ने जिला व स्थानीय प्रशासन से मामले की जांच कर नियमों के विरुद्ध चल रहे ओवरलोडेड ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि मिट्टी ढुलाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और गांव की सड़कों को पूरी तरह बर्बाद होने से बचाया जा सके.
Also Read: नीम के पेड़ में उतरा 11 हजार वोल्ट का करंट, राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










