रोहतास- कैमूर मार्ग पर जर्जर पुल, जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग

दुर्गावती पुल जर्जर की हालत
Bihar News: रोहतास और कैमूर को जोड़ने वाला दुर्गावती पुल और उसकी पहुंच पथ पूरी तरह जर्जर हो चुका है. सड़क पर बड़े गड्ढे और पुल से निकले सरियों के कारण लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है.
Bihar News: (संदेश जायसवाल) रोहतास और कैमूर जिलों को जोड़ने वाला दुर्गावती पुल इन दिनों बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है. यह पुल और उससे जुड़ी सड़क लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा में है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल की सतह कई जगहों से टूट चुकी है और लोहे की सरिया बाहर निकल आई हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है.
एक किलोमीटर सड़क गड्ढों में तब्दील
पुल से जुड़ी करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना हजारों लोग यात्रा करते हैं, लेकिन सड़क की हालत ऐसी है कि हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है.
वाहन चालकों के लिए जानलेवा सफर
इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई बाइक सवार गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं और घायल भी हुए हैं. भारी वाहनों के गुजरने पर पुल में कंपन महसूस होता है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना रहता है. रात के समय अंधेरे में यह रास्ता और भी अधिक खतरनाक हो जाता है.
स्थानीय लोगों में नाराजगी
कैमूर जिले के सवार गांव के ग्रामीणों सहित विक्की कुमार, प्रिंस कुमार शर्मा, सत्येंद्र जायसवाल और रवि प्रकाश ने बताया कि पुल और सड़क की स्थिति काफी समय से खराब है, लेकिन जल संसाधन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है.
रोजाना हजारों लोग प्रभावित
यह मार्ग रोहतास और कैमूर के बीच आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इस पर रोजाना स्कूली बच्चे, मरीज, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग यात्रा करते हैं. खराब सड़क और जर्जर पुल के कारण सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जल्द मरम्मत की मांग
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पुल और सड़क की मरम्मत कराई जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया, तो यहां कभी भी बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता है.
Also Read:आरा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मामा-भांजा को कुचला ; युवक की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










