कैमूर न्यूज: भगवानपुर में सिंचाई विभाग के प्लांटेशन में लगी आग, कई पेड़ जले

आग बुझाते दमकल कर्मी
Kaimur News: भगवानपुर में नदी पुल के पास सिंचाई विभाग के प्लांटेशन में आग लगने से कई पेड़ झुलस गए. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया. प्रारंभिक तौर पर आग का कारण बीड़ी-सिगरेट बताया जा रहा है.
Kaimur News(पंकज सिंह ): कैमूर में शनिवार की देर शाम करीब 8:00 बजे भगवानपुर-मुंडेश्वरी नहर पथ अंतर्गत भगवानपुर नदी पुल के निकट नहर चाट के उत्तरी भाग में स्थित सिंचाई विभाग के प्लांटेशन में अचानक आग लग गई. इस घटना में यूकेलिप्टस, शीशम समेत कई अन्य बड़े-बड़े पेड़ों को नुकसान पहुंचा है.
शुरुआत में लोगों ने गंभीरता से नहीं लिया
खास बात यह है कि इस घटना को भगवानपुर-मुंडेश्वरी पथ जैसे व्यस्ततम मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों और यात्रियों ने देखा, लेकिन किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया और अनदेखा कर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे.
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया
इसी दौरान भगवानपुर गांव निवासी बृजमोहन पासी के पुत्र संदीप कुमार (नीरा उत्पादक) ने किसी व्यक्ति के फोन के माध्यम से इस घटना की सूचना थानेदार चंद्रशेखर शर्मा को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने दमकल वाहन के साथ फायर ब्रिगेड की टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा, जिसके बाद आग पर काबू पाने की प्रक्रिया शुरू की गई.
प्लांटेशन के दो हिस्सों में आग लगी थी
इस दौरान रास्ते से गुजर रहे सरैयां पंचायत के मसहीं गांव के विष्णु प्रताप सिंह ने फायर फाइटर्स मनोज कुमार और रौशनी कुमारी का आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया. बताया जाता है कि भगवानपुर नदी पुल के पूर्वी हिस्से में स्थित सिंचाई विभाग के प्लांटेशन के दो हिस्सों में आग लगी थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद दमकल वाहन के पानी के फव्वारे से बुझाया गया.
फायर फाइटर्स मनोज कुमार और रौशनी कुमारी ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिगरेट या बीड़ी पीकर सड़क किनारे स्थित प्लांटेशन में फेंक देने से यह आग लगी होगी.
पेड़ों को पहुंचा नुकसान
गौरतलब है कि पिछले बुधवार की शाम अचानक आए तेज तूफान में स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ भगवानपुर-मुंडेश्वरी पथ के नहर किनारे लगे कई पेड़ जड़ से उखड़ गए थे या टूटकर बिखर गए थे. वहीं इस आगलगी की घटना ने भी कई महत्वपूर्ण और कीमती वृक्षों को नुकसान पहुंचाया, लेकिन थानाध्यक्ष की सक्रियता और फायर ब्रिगेड टीम की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया.
Also Read: शादी की बात करने निकले थे लोग, रास्ते में हादसे ने छीन ली बेटे की जिंदगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










