थाने के बाहर सब्जी दुकान की आड़ में चल रही थी दलाली, कैमूर पुलिस ने दलाल को किया गिरफ्तार

Author Amit Sinha|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
फोटो 23गिरफ्तार दलाल | Prabhat Khabar Network

फोटो 23गिरफ्तार दलाल | Prabhat Khabar Network

कैमूर जिले में पुलिस ने थाने के बाहर दलाली करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसपी शिखर चौधरी के सख्त निर्देश के बाद चांद थाना पुलिस ने सब्जी दुकान की आड़ में पैरवी का धंधा चलाने वाले धनंजय सिंह उर्फ मंटू को गिरफ्तार किया है. यह जिले में थाने से जुड़ी दलाली के मामले में पहली बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है.

विज्ञापन

Kaimur Police Action : कैमूर जिले में पुलिस ने थाने की दलाली करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसपी शिखर चौधरी के सख्त निर्देश के बाद चांद थाना पुलिस ने थाने के बगल में सब्जी दुकान की आड़ में दलाली करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है. जिले में थाने से जुड़ी दलाली के मामले में यह पहली बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है.

kaimur News : सब्जी दुकान की आड़ में करता था पैरवी का धंधा. मजबूर लोगों से ऐंठता था पैसे

गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांद थाना क्षेत्र के पाढ़ी गांव निवासी राजेंद्र सिंह के पुत्र धनंजय सिंह उर्फ मंटू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी थाने के समीप सब्जी की दुकान चलाता था और इसी की आड़ में लोगों को थाने से छुड़ाने, केस खत्म कराने, प्राथमिकी दर्ज कराने में मदद करने और पुलिस से पैरवी कराने का झांसा देकर पैसे की उगाही करता था.

परिवार से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप. पहले ले चुका था छह हजार

इस मामले में चौरी गांव निवासी अयोध्या सिंह ने चांद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन के अनुसार, अयोध्या सिंह के भतीजे विजय कुमार की 20 वर्षीय पुत्री रीना कुमारी की घर में मौत हो गई थी. घटना के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था. बाद में पुलिस को जानकारी मिलने पर मृतका की दादी रामराजी कुंवर को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था.

जेल भेजने का डर दिखाकर मांगी थी रकम. जांच में सामने आया मामला

परिवार के लोगों को डर था कि वे किसी गंभीर मामले में फंस सकते हैं. आरोप है कि इसी का फायदा उठाते हुए धनंजय सिंह उर्फ मंटू ने अयोध्या सिंह से संपर्क किया और थाने में बात कर महिला को छुड़ाने तथा मामला खत्म कराने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की.

काम कराने के नाम पर लिए पैसे. बाद में बकाया राशि की करता रहा मांग

परिजनों ने डर के कारण धनंजय को पहले छह हजार रुपये दे दिए. इसके बाद बाकी चार हजार रुपये काम होने के बाद देने की बात कही गई. आरोप है कि महिला के थाने से छूटने के बाद भी धनंजय लगातार बकाया राशि की मांग करता रहा. बाद में चार हजार रुपये भी दे दिए गए. इसी बीच मामले की जानकारी एसपी को मिली और उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए.

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ ने की जांच. सत्य मिलने पर हुई गिरफ्तारी

सूचना मिलने के बाद एसपी शिखर चौधरी ने भभुआ एसडीपीओ ओमप्रकाश को मामले की जांच के लिए चांद थाना भेजा. जांच में मामला सही पाए जाने के बाद पुलिस ने धनंजय सिंह उर्फ मंटू को गिरफ्तार कर लिया.

एसपी ने लोगों से की अपील. दलालों की सूचना देने को कहा

एसपी शिखर चौधरी ने जिले के लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति थाने की दलाली करता है या पुलिस के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिसकर्मी भी दोषी मिले तो होगी कार्रवाई

एसपी ने कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी भी किसी दलाल के माध्यम से पैसे लेने में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी.


विज्ञापन
Amit Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन