कैमूर: DFCC रेल लाइन किनारे युवक का शव मिला, जेब में मिले मोबाइल से हुई पहचान,पुलिस जांच में जुटी

घटनास्थल की तस्वीर
भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिषेक तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Kaimur News : भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पूर्व डाउन डीएफसीसी रेल लाइन के समीप रविवार को एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी.
मोबाइल से हुई युवक की पहचान
मृतक की पहचान रामगढ़ निवासी अभिषेक तिवारी (25 वर्ष), पिता जनार्दन तिवारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार युवक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला. जांच के दौरान उसी मोबाइल पर उसके पिता का फोन आया, जिसके आधार पर शव की पहचान की गई.
घटनास्थल पर खड़ी मिली बाइक
पुलिस को घटनास्थल के पास मृतक की बाइक भी खड़ी मिली, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
ट्रेन हादसा या कोई और वजह, पुलिस कर रही जांच
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. जीआरपी, आरपीएफ और मोहनिया थाना पुलिस संयुक्त रूप से सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
पिता ने बताई आखिरी जानकारी
मृतक के पिता जनार्दन तिवारी ने बताया कि उनका पुत्र कुछ दिन पहले बाहर से घर लौटा था और रविवार को डेयरी का दूध पहुंचाने के लिए निकला था. काफी देर तक फोन नहीं उठने पर चिंता हुई. बाद में सूचना मिली कि उसकी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है. हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि करेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










