कैमूर में चार घंटे की मूसलाधार बारिश से भभुआ हुआ बेहाल, घरों-दुकानों में घुसा पानी, सड़कें बनीं तालाब

Updated:
विज्ञापन

स्टेडियम जाने वाले रास्ता में लगा जलजमाव| Prabhat Khabar Network

भभुआ में चार घंटे की भारी बारिश से शहर बेहाल हो गया है। सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

विज्ञापन

Kaimur News: कैमूर में गुरुवार सुबह लगभग चार घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने भभुआ शहर के नगर परिषद (Nagar Parishad) प्रशासन के जलनिकासी के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी. झमाझम बारिश के कारण शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और रिहाइशी मोहल्लों में भारी जलजमाव हो गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. सड़क पर नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होने से कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया. दुकानों में रखा सामान और घरों में राशन-बिस्तर भीग जाने से व्यापारियों व नागरिकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा.

इन प्रमुख इलाकों में घुटनों तक भरा पानी

शहर के सब्जी मंडी, एकता चौक, पटेल चौक, अस्पताल रोड, छावनी मोहल्ला, वार्ड संख्या 11, 12, 18, 19, पुराना प्रखंड कार्यालय परिसर तथा सदर अस्पताल परिसर की सड़कें लबालब भर गईं. कई स्थानों पर घुटनों तक पानी जम जाने से दोपहिया वाहन रास्ते में ही बंद पड़ गए. सदर अस्पताल जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा. स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

एक घंटे की बारिश भी झेलने में नाकाम बनी व्यवस्था

स्मार्ट सिटी का सपना देख रहे शहरवासियों के लिए नगर परिषद की जर्जर ड्रेनेज प्रणाली मुसीबत बन चुकी है. नालियों की सही समय पर सफाई न होने और पहले से जाम पड़े नालों के दम तोड़ने के कारण बारिश का पानी नालियों में जाने के बजाय सीधे सड़कों पर बहने लगा.

EO और स्वच्छता निरीक्षक ने खुद संभाला मोर्चा

शहर में भयंकर जलभराव की स्थिति उत्पन्न होते ही भभुआ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) संजय उपाध्याय और स्वच्छता निरीक्षक संजीव राज झिलमिल ने सफाई कर्मियों के साथ खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभाला. ईओ ने बारिश के बीच ही बंद नालों को खुलवाया और सक्शन मशीनों (Suction Machines) की मदद से जल निकासी शुरू करवाई. अधिकारियों की मुस्तैदी और कड़ी मशक्कत के बाद बारिश रुकते ही एकता चौक समेत कई व्यस्त स्थानों से पानी निकाला जा सका.

Also Read: कैमूर: 15 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सश्रम कारावास, ₹50 हजार का जुर्माना


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन