भगवानपुर: कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह का निधन, शिक्षा जगत में शोक
हेडमास्टर अरविंद कुमार सिंह का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर स्थित राजकीय कृत कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर.
Kaimur News: कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद गुरुवार को निधन हो गया. उनके निधन की खबर फैलते ही उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों, शिक्षकों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.
दिल्ली में चल रहा था इलाज, पैतृक गांव कसेर में ली अंतिम सांस
जानकारी के अनुसार, प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार सिंह एक गंभीर बीमारी से पीड़ित थे. उनका लंबे समय से दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में इलाज चल रहा था. वहां से छुट्टी मिलने और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के बाद वे वापस लौट आए थे. गुरुवार को उन्होंने अपने पैतृक गांव कसेर स्थित आवास पर ही अपनी आखिरी सांसें लीं.
विद्यालय परिसर में शोकसभा का आयोजन
प्रधानाध्यापक के निधन पर कन्या मध्य विद्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित की गई. इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मियों और छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर अपने दिवंगत प्रधानाध्यापक को श्रद्धांजलि दी. वहां मौजूद सभी लोगों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
शिक्षा गुणवत्ता और अनुशासन के पक्षधर थे अरविंद सिंह
शोकसभा में लोगों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि अरविंद सिंह एक बेहद सरल, मृदुभाषी, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे. उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल के दौरान विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और कभी किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई. उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए उपस्थित लोगों ने उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.
Also Read: "गुरुजी गायब, बच्चों का भविष्य बर्बाद!": अधौरा के स्कूलों पर BJP नेता का हमला, DM से जांच की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










