बिहार : मोहनिया में बरातियों से भरी टाटा सूमो ट्रक से टकरायी, एक की मौत, डिप्टी कमांडेंट समेत 4 घायल

Published at :18 Jan 2017 9:10 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार : मोहनिया में बरातियों से भरी टाटा सूमो ट्रक से टकरायी, एक की मौत, डिप्टी कमांडेंट समेत 4 घायल

मोहनिया शहर (कैमूर) : बिहार के कैमूर में मोहनिया शहर के स्थानीय थाने के एनएच- 2 पर बुधवार को मुठानी गांव के समीप बोलबम लाइन होटल के पास शादी समारोह से वाराणसी लौट रही टाटा सूमो सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गयी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी और चार लोग गंभीर […]

विज्ञापन

मोहनिया शहर (कैमूर) : बिहार के कैमूर में मोहनिया शहर के स्थानीय थाने के एनएच- 2 पर बुधवार को मुठानी गांव के समीप बोलबम लाइन होटल के पास शादी समारोह से वाराणसी लौट रही टाटा सूमो सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गयी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी और चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घायलों में बीएसएफ का एक डिप्टी कमांडेंट भी शामिल है.

मृतक का नाम शैलेश कुमार है और वह औरंगाबाद जिले के रफीगंज का रहनेवाला था. वहीं, जख्मी लोगों के नाम राणा संग्राम सिंह (28), प्रवीण कुमार(30), अंकित कुमार(20) और गिरीश कुमार सिंह(65) हैं. राणा संग्राम सिंह धनबाद के सी ब्लॉक क्वार्टर के रहनेवाले हैं. वह बीएसएफ के डिप्टी कमांडर हैं और फिलहाल वाराणसी में तैनात हैं. वहीं, प्रवीण कुमार वाराणसी और अंकित कुमार तथा गिरीश कुमार सिंह (65) औरंगाबाद के रफीगंज के रहनेवाले हैं.

पारिवारिक सूत्रों से पता चला है कि अंकित, गिरीश व शैलेश फिलहाल वाराणसी में ही रह रहे थे. पता चला है कि वे लोग राणा संग्राम सिंह के फुफेरे भाई की शादी में शरीक होने के लिए रोहतास जिला के राजपुर थाना क्षेत्र में स्थित सलैया गांव गये हुए थे. बुधवार की सुबह सूमो लौट रही थी कि एनएच दो के मुठानी गांव के पास बोलबम होटल के समीप आगे जा रहे एक ट्रक से ओवरटेक करने के दौरान पहले से सड़क पर खड़े एक दूसरे ट्रक से जा टकरायी. हादसा इतना जबरदस्त था कि टाटा सूमो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.

हादसे में घायल सभी पांच व्यक्तियों को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल में भरती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शैलेश कुमार की मौत हो गयी. वहीं, अन्य चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया.

NH-2 पर अक्सर खड़े रहते हैं ट्रक
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच दो पर लाइन होटलों के सामने अक्सर ट्रक खड़े रहते हैं जिससे आयेदिन हादसे होते रहते हैं. कभी-कभार पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की जाती है, तो ट्रक लगने बंद हो जाते हैं लेकिन कुछ दिन बाद फिर ट्रक लगने लगते हैं.

होटल के संचालक पर FIR

दुर्घटना को लेकर एनएचएआइ के रूट इंचार्ज केपी मौर्या ने बोलबम होटल के संचालक पर मोहनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. शिकायत में कहा गया है कि कई बार सड़क पर ट्रक खड़ा नहीं करने को कहा गया, लेकिन इस आदेश की अनदेखी करते हुए ट्रक हाइवे पर खड़ा किया जाता है, जिससे हादसे होते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन