हमें शराबबंदी में चाहिए महिलाओं का और साथ

Updated:
विज्ञापन

भभुआ सदर :पांचवें चरण के अंतिम दौर में कैमूर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जगजीवन स्टेडियम में चेतना सभा के दौरान अपने 45 मिनट के संबोधन और महिलाओं की उमड़ी जबरदस्त भीड़ के बीच महिलाओं से शराबबंदी में साथ मांगा. उन्होंने महिलाओं से हाथ उठवा कर समर्थन मांगते हुए कहा कि वे खुद देखना चाहते […]

विज्ञापन
भभुआ सदर :पांचवें चरण के अंतिम दौर में कैमूर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जगजीवन स्टेडियम में चेतना सभा के दौरान अपने 45 मिनट के संबोधन और महिलाओं की उमड़ी जबरदस्त भीड़ के बीच महिलाओं से शराबबंदी में साथ मांगा. उन्होंने महिलाओं से हाथ उठवा कर समर्थन मांगते हुए कहा कि वे खुद देखना चाहते थे कि सात निश्चय के तहत जमीन पर कितना काम हो रहा है. निश्चय यात्रा के दौरान हम इसे नजदीक से देख रहे हैं और लोगों की राय ले रहे हैं कि कहीं इसमें कोई त्रुटि तो नहीं रह गयी है. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि शराबमाफियाओं पर नकेल कसना जरूरी है. किसी भी हालत में शराबमाफिया व शराबी मेरी सरकार में बख्शे नहीं जायेंगे.
शराबबंदी के आठ माह में ही फायदा पहुंचा है. अब लोग घर जल्दी पहुंच रहे हैं. घर जाते हैं, तो अपने साथ सब्जी, मिठाइयां ले जाते हैं. पति भी पत्नी, बच्चों का ख्याल रख रहे हैं और अपराध के ग्राफ में भी काफी कमी आयी है. सड़क दुर्घटनाएं भी कमी हैं. सीएम ने जीविका दीदी को कहा कि शराबबंदी में विशेष ध्यान रखना है. ऐसा नहीं हो कि शराब बंद होने के बाद लोग किसी दूसरे नशे का इस्तेमाल करने लगे. उन्होंने जीविका दीदी से सब पर नजर रखने को कहा. उन्होंने कहा कि 21 जनवरी को पूरे बिहार में नशामुक्ति अभियान के लिए दो करोड़ लोगों की मानव शृंखला बनायी जा रही है, जो आपके दुर्गावती से भी शुरू होगी.
22 मार्च तक नशामुक्ति अभियान पूरे बिहार में चलेगा. सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति अभियान में सभी लोगों को शामिल होने का आह्वान किया.
2017 तक घर-घर पहुंचेगी बिजली : जगजीवन स्टेडियम में चेतना सभा के दौरान जिले के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने का वायदा किया. उन्होंने कहा कि 2017 तक हर घर में बिजली पहुंचायी जायेगी. यह सात निश्चय में शामिल है, लेकिन हर घर बिजली पहुंचाने का काम अगले साल तक हर हाल में पूरा कर लेना है. इस पर तेजी से काम हो रहा है.
इसके लिए सभी घरों का सर्वे कर लिया गया है. अब बिजली 22 से 24 घंटे मिल रही है. उन्होंने सभा में आये लोगों को समझाते हुए कहा कि बिजली अब जरूरत हो, तभी जलाएं. इसके बाद काम न हो, तो इसे बुझा दें. अन्यथा बिल ज्यादा उठेगा. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक बार एक व्यक्ति का बिल 28 हजार रुपये आ गया. इसकी जांच करायी गयी, तो वह 28 हजार की जगह 800 पर आ गया.
गांव को स्मार्ट बना कर रोकेंगे पलायन : सात निश्चय को लेकर कैमूर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांवों को स्मार्ट बना कर बाहर काम करने जानेवाले युवाओं के पलायन रोकने को कहा.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्मार्ट सिटी बनाये या न बनाये लेकिन, हम गांवों को स्मार्ट जरूर बना देंगे ताकि, लोगों को स्मार्ट सिटी का एहसास अपने गांव में ही हो सके. गांव को स्मार्ट बना कर पलायन को रोका जायेगा. सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार कहती है 500 करोड़ में स्मार्ट सिटी बनायेगी. कैसे बनायेगी पता नहीं. पर हमने तो सरकार बनने के साथ ही जो संकल्प लिया था उस पर पूरी तैयारी के साथ हमने काम शुरू कर दिया है.
निश्चय यात्रा के दौरान हम इन्हीं कार्यों व योजनाओं के प्रगति को देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि चार साल में बिहार के हर घर में नल का जल पहुंचा देंगे गांव की हर गली पक्की व नाला का निर्माण होगा. चेतना सभा के दौरान जगजीवन स्टेडियम में मुख्यमंत्री के अलावे विप सभापति अवधेश नारायण सिंह, अनुसूचित जाति- जनजाति कल्याण मंत्री और कैमूर जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार निराला, सहकारिता मंत्री जय कुमार सिंह सहित विकास आयुक्त शिशिर सिन्हा, पुलिस महानिदेशक पीके ठाकुर ने भी चेतना सभा को संबोधित किया.
वहीं चेतना सभा के दौरान महागंठबंधन के दलों के जिलाध्यक्ष जनता दल यू के डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, जिला कांग्रेस के सरफराज आलम और राष्ट्रीय जनता दल के अजीमुद्दीन अंसारी सहित बीस सूत्री उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश आर्य, नगर पर्षद के अध्यक्ष बजरंग बहादुर सिंह उर्फ मलाई सिंह सहित अन्य नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया.
बिहार के युवा बनेंगे हुनरमंद
मुख्यमंत्री ने सभा में आये काफी संख्या में युवाओं का आह्वान किया कि बिहार के युवा हुनरमंद बनेंगे. इसके लिए सरकार कोशिश में लगी हुई है. युवाओं का कौशल विकास करने और कंप्यूटर, अंग्रेजी की शिक्षा व युवाओं की सहायता के लिए हर जिले में कौशल विकास केंद्र खोला गया है, जहां कंप्यूटर पर काम करने के तरीके, अंग्रेजी बोलने, लिखने व व्यवहार कौशल की जानकारी दी जायेगी.
सरकार पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है. अब इंटरनेट की दुनिया आ गयी है. अगर, किताब खरीदने के पैसे नहीं हैं, तो कोई बात नहीं, हम सभी कॉलेजों में वाइ-फाइ की मुफ्त व्यवस्था कर रहे हैं. वहां इंटरनेट के माध्यम से किताबें डाउनलोड कर अपनी पढ़ाई कर सकते हैं. वहां कोई भी जानकारी ले सकते हैं. उन्होंने सभा में युवाओं को चेताते हुए कहा कि कॉलेजों में मुफ्त वाइ-फाइ दी जा रही है, तो कहीं आपलोग उससे फिल्म डाउनलोड मत करियेगा बल्कि इस सुविधा का इस्तेमाल अपनी पढ़ाई में कीजियेगा.
महिलाओं को आगे बढ़ाने की बन रही योजना
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में किये गये अपने कार्यों को बताते हुए कहा कि महिलाओं को राज्य की सरकारी नौकरी में 35 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा पूरा कर दिया है. पंचायत व स्थानीय निकायों में भी 50 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है.
उन्होंने कहा कि इस तरह महिलाओं को उनके अधिकार देने में बिहार पहला राज्य बन गया है. केंद्र भी महिलाओं को बढ़ाने के लिए संविधान में संशोधन की बात कर रहा है. उन्होंने जोर दे कर कहा कि वह दस साल के अनुभव के आधार पर ये सात निश्चय पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आपके जिले में लोक शिकायत निवारण केंद्र अधिकार कानून लागू कर दिया गया है. जिले में इसका कार्यालय है वहां अपनी शिकायत को दर्ज करा सकते हैं.
वहां अधिकारी उसका निदान तय समयसीमा के अंदर करेंगे. उन्होंने कहा कि राज्य में प्राथमिक विद्यालय तक पढ़ाई करने के बाद काफी कम लड़कियां ऊपर के क्लास तक पहुंच पाती थी इसके लिए हमने मध्य विद्यालय में कपड़े दिये, नौंवीं कक्षा में साइकिल दी यह इसलिए किया कि लड़कियां कम से कम मैट्रिक तक जरूर पढ़े.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन