छठ का बाजार हुआ गुलजार

Updated:
विज्ञापन

पर्व में बढ़ी मिट्टी के दीये व अन्य सामान की मांग मोहनिया शहर : महापर्व छठ को लेकर पूरा बाजार गुलजार है. प्रकृति से जुड़े इस पर्व में उपयोग होनेवाली अधिसंख्य चीजें पूरी तरह प्राकृतिक हैं. इस पर्व में चढ़ने वाले फल व अन्य चीजें भी सीजनली हैं. इनमें से प्राय: मिट्टी से जुड़े हैं. […]

विज्ञापन
पर्व में बढ़ी मिट्टी के दीये व अन्य सामान की मांग
मोहनिया शहर : महापर्व छठ को लेकर पूरा बाजार गुलजार है. प्रकृति से जुड़े इस पर्व में उपयोग होनेवाली अधिसंख्य चीजें पूरी तरह प्राकृतिक हैं. इस पर्व में चढ़ने वाले फल व अन्य चीजें भी सीजनली हैं.
इनमें से प्राय: मिट्टी से जुड़े हैं. इस महापर्व में छोटे-छोटे कारोबारी भी मालामाल हो जाते हैं. मिट्टी के हाथी, दीप, ढक्कन आदि की भी बिक्री खूब होती है. बांस से बने डाले की भी खरीदारी हो रही है. छठ में उपयोग की जानेवाली पूजा सामग्री में सूप, डाला, मिट्टी के दीये, मिट्टी के हाथी प्रसाद के लिए हल्दी के गांठ लगे पौधे, मूली, अड़वी, सुथनी अदरख, तरह-तरह के फल आदि शामिल हैं. जगह-जगह पूजा सामग्री की दुकानें सज गयी हैं. सड़क किनारे भी जगह-जगह दुकानें सजी हैं. पिछले साल की तुलना में इस बार पूजा सामग्री की कीमत में अंतर है.
महंगाई पर भारी पड़ रही है आस्था
दीपावली का त्योहार संपन्न होते ही छठ पर्व को लेकर चहल-पहल बढ़ गयी है. पर्व को देखते हुए फल बेचने वाले आढ़ती बाहर से फलों को मंगाने में जुटे हैं. रविवार को छठ पूजन का प्रथम अर्घ व सोमवार को दूसरा अर्घ दिया जायेगा. बाजार में नारियल, बांस की बनी दौरी, डाली व सूप व मिट्टी के बरतन तथा कोसिया की दुकानें सज गयी हैं. महिलाओं का कहना है कि कपड़ा आदि लेकर सिलवाना भी है. इसलिए इसे पहले खरीद रही हैं.
बाजारों में व्रतियों तथा लोगों की भीड़ बढ़ गयी है. महंगाई बढ़ने के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी दिखाई नहीं दे रही है. बाजार विभिन्न प्रकार के फलों और पूजन सामग्रियों से सज गये हैं. प्रशासनिक तैयारियां भी अंतिम चरण में है. घाटों की सफाई व रोशनी के प्रबंध के लिए मुखिया को निर्देश दिया गया है.
वेदी बनाने में लगे श्रद्धालु
पोखरा नदी में घाट के किनारे वेदी बनाने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है. नगर के कई तालाबों पर घाटों पर डाला छठ के मौके पर भीड़ लगती है. नगर पंचायत भी तैयारी में जुटी है. मंगलवार व बुधवार को नगर स्थित पोखरा व नदी घाट पर वेदी बनाने के लिए दिन भर भीड़ लगी.
पांच जगहों पर होगी पूजा
मोहनिया नगर पंचायत में पांच स्थानों पर छठ पूजा होगी. इसमें शारदा ब्रजराज के पास पोखरा घाट, दुर्गावती नदी घाट, जागेश्वर नाथ घाट, डड़वां घाट व मल्लाह टोली शामिल हैं.
सभी घाटों की सफाई हो चुकी है. नगर पंचायत के अध्यक्ष अज्ञेय बिक्रम बोस्की ने बताया कि शारदा ब्रजराज पोखरे के संवेदक को छठ तक अधिकतम घाट का निर्माण करने व श्रद्धालुओं को घाट तक पंहुचने वाले रास्ते को सही करने का निर्देश दिया गया. पोखरा घाट, दुर्गावती नदी घाट, जागेश्वर नाथ घाट, डड़वां घाट व मल्लाह टोली के घाट का निरीक्षण भी किया गया. सभी जगह पूजा समितियां लाइट का प्रबंध कर रही हैं. नगर पंचायत द्वारा सभी समितियों को भरपूर सहयोग का भरोसा दिया है. निरीक्षण के दौरान चेयरमैन के साथ कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार, वार्ड पार्षद अशोक लहरी, मुन्ना सिंह, समाजसेवी उपेंद्र चंद्रवंशी, इम्तियाज़ अंसारी, रवि चौधरी आदि मौजूद थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन