Jehanabad : बदलूबिगहा के बधार से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

Edited by MINTU KUMAR
Updated:
विज्ञापन

परसबिगहा थाना क्षेत्र के बदलूबिगहा गांव के बधार में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

रतनी.

परसबिगहा थाना क्षेत्र के बदलूबिगहा गांव के बधार में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बदलूबिगहा गांव निवासी शिव प्रसाद सिंह के पुत्र अंजय कुमार उर्फ अरुण कुमार (39 वर्ष) के रूप में की गयी है. सूचना के अनुसार, युवक पिछले दो दिनों से लापता था और परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे. शुक्रवार सुबह जब परिजन बधार की ओर पहुंचे तो वहां शव पड़ा मिला, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. बताया जाता है कि दो दिन पूर्व युवक खेत में पराली जला रहा था, इसी दौरान आग पड़ोसी खेत तक फैल गयी. इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था और उसे देख लेने की धमकी भी दी गयी थी. इसके कुछ ही घंटों बाद वह घर से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा. शव मिलने की सूचना पर परिजनों ने जमकर विरोध किया और करीब 9 घंटे तक शव नहीं उठाने दिया. परिजनों की मांग थी कि जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक शव को नहीं हटाया जाए. घटना की सूचना पर परसबिगहा थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भारती दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. बाद में एफएसएल टीम भी पहुंची और घटनास्थल से चप्पल सहित कई साक्ष्य एकत्र किये. सूचना पाकर एसपी अपराजित लोहान और एसडीपीओ मनीषचंद्र चौधरी भी मौके पर पहुंचे और मामले की समीक्षा की. ग्रामीणों की मांग पर डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से मुख्य सड़क तक जांच की. परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद चेहरे पर तेजाब डालकर पहचान छिपाने की कोशिश की गयी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल एक व्यक्ति को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा है.

विज्ञापन
MINTU KUMAR

लेखक के बारे में

By MINTU KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन