Jehanbad : जलेबी के लिए दो गुटों में मारपीट, मुखिया को खदेड़ा
Published by : MINTU KUMAR Updated At : 27 Jan 2026 11:16 PM
सदर प्रखंड अंतर्गत गोनवां पंचायत सरकार भवन पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम उस समय अफरातफरी में बदल गया, जब जलेबी वितरण को लेकर दो गुटों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. इस हिंसक झड़प में दोनों तरफ से आधे दर्जन लोग घायल हो गये जिनका इलाज सदर अस्पताल जहानाबाद में कराया गया.
रतनी
. सदर प्रखंड अंतर्गत गोनवां पंचायत सरकार भवन पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम उस समय अफरातफरी में बदल गया, जब जलेबी वितरण को लेकर दो गुटों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. इस हिंसक झड़प में दोनों तरफ से आधे दर्जन लोग घायल हो गये जिनका इलाज सदर अस्पताल जहानाबाद में कराया गया. जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस पर पंचायत सरकार भवन पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. पंचायत के मुखिया अमरनाथ सिंह झंडोत्तोलन के लिए अपने समर्थकों के साथ चार गाड़ियों से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे. झंडोत्तोलन के बाद परंपरा के अनुसार प्रसाद वितरण शुरू हुआ. इसी दौरान जलेबी की मात्रा कम पड़ गयी, जिससे ग्रामीण बच्चों में हंगामा शुरू हो गया. बताया जाता है कि जलेबी वितरण के दौरान कुछ बच्चे जलेबी लेने के लिए आगे बढ़े और कम जलेबी को लेकर शोर मचाने लगे. इसी बात को लेकर मुखिया के साथ आये कुछ लोगों और बच्चों के बीच कहा-सुनी हो गयी, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गयी. आरोप है कि इस दौरान कुछ बच्चों के साथ मारपीट भी की गयी, जिससे ग्रामीण और उग्र हो गये. इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले. स्थिति बिगड़ती देख मुखिया अमरनाथ सिंह और उनके साथ आये लोग पंचायत सरकार भवन के अंदर गेट बंद कर छिप गये.
हालात को गंभीर होता देख मुखिया ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आक्रोशित महिलाओं और बच्चों ने मुखिया की गाड़ी पर हमला कर दिया. लाठी-डंडों से गाड़ी के शीशे तोड़ दिये गये और वाहन को काफी क्षति पहुंचायी गयी. इस घटना में घायल हुए गोनवां गांव निवासी रामाकांत पासवान ने बताया कि मुखिया जलेबी बांट रहे थे. जलेबी कम पड़ने पर बच्चे हल्ला करने लगे, तभी मुखिया और उनके बेटे द्वारा डंडे से मारपीट शुरू कर दी गयी. उन्होंने बताया कि वह बीच-बचाव करने पहुंचे, इसी दौरान उनके हाथ पर डंडे से चोट लगी जिससे उनका हाथ टूट गया और शरीर पर कई जगह चोटें आईं. वहीं मुखिया अमरनाथ सिंह ने कहा कि बच्चे जलेबी लेकर भाग रहे थे. इसी दौरान उन्हें रोकने और बीच-बचाव करने के क्रम में यह घटना घटी. इधर, थानाध्यक्ष श्याम किशोर पांडेय ने बताया कि मुझे जैसे ही घटना की सूचना मिली वहां पुलिस को तत्काल भेज दी गयी और मामले को शांत कराया गया. उन्होंने कहा कि इस मामले में मुखिया अमरनाथ सिंह के आवेदन पर आठ नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










