राजाबाजार रेलवे अंडरपास में जलजमाव से नहीं मिली निजात, लाखों खर्च के बाद भी आवागमन बाधित

जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग स्थित राजाबाजार रेलवे अंडरपास में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या बरकरार है. नेशनल हाईवे द्वारा लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी है और आवागमन प्रभावित हो रहा है.
Jehanabad News: जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग पर शहर के राजाबाजार स्थित रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. नेशनल हाईवे द्वारा समस्या के समाधान के लिए लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद बारिश होते ही अंडरपास में पानी जमा हो जा रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
बीती शाम हुई बारिश के बाद रेलवे अंडरपास और अतिरिक्त अंडरपास के नीचे फिर से पानी जमा हो गया. इसके कारण छोटे वाहनों का आवागमन करीब दो घंटे तक बाधित रहा. अंडरपास के नीचे दो फीट से अधिक पानी जमा हो गया था, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को गुजरने में काफी परेशानी हुई.
सुबह तक बनी रही जलजमाव की स्थिति
बारिश के बाद उत्पन्न हुई जलजमाव की स्थिति सुबह करीब आठ बजे तक बनी रही. इसके बाद मोटर पंप सेट के माध्यम से पानी की निकासी कराई गई, जिसके बाद छोटे वाहनों और दोपहिया चालकों का आवागमन शुरू हो सका. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद हर बार यही स्थिति उत्पन्न होती है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
लाखों खर्च के बाद भी समस्या बरकरार
रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए नेशनल हाईवे द्वारा कई कार्य कराए गए हैं. करीब एक महीने पहले अतिरिक्त अंडरपास के पश्चिमी हिस्से में सड़क से दक्षिण की ओर एक बड़े चेंबर का निर्माण कराया गया था. इस चेंबर का उद्देश्य था कि अंडरपास में जमा होने वाला पानी उसमें एकत्र हो जाए और मोटर पंप के माध्यम से पानी बाहर निकाला जा सके. लेकिन इसके बावजूद जलजमाव की समस्या बनी हुई है.
सड़क ढलाई और नाली निर्माण भी नहीं आया काम
नेशनल हाईवे द्वारा रेलवे अंडरपास और अतिरिक्त अंडरपास के नीचे खराब सड़क को तोड़कर नए सिरे से ढलाई कराई गई थी. इसका उद्देश्य था कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहनों के परिचालन में परेशानी न हो. लेकिन बारिश के बाद पानी जमा होने के कारण सड़क की ढलाई में फिर से गड्ढे बनने लगे हैं. इसके अलावा रेलवे अंडरपास के पूरब हिस्से में नाली निर्माण भी कराया गया था, ताकि पानी नाले में पहुंच सके. इसके बावजूद बारिश के बाद अंडरपास में पानी जमा हो जा रहा है.
अधिकारी ने कहा- जल्द निकलेगा समाधान
नेशनल हाईवे के कार्यपालक अभियंता इंद्रजीत कुमार आर्य ने बताया कि रेलवे अंडरपास और अतिरिक्त अंडरपास में जलजमाव रोकने के लिए चेंबर और नाली का निर्माण कराया गया है. उन्होंने कहा कि काम अंतिम चरण में है. कुछ समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनका समाधान जल्द निकाल लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










