बारिश के बाद जहानाबाद शहर में जलजमाव और कीचड़ से लोग परेशान, कई सड़कें बनीं दलदल

Author Sanjay Anurag|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
बारिश के बाद शहर के शिवाजी पथ में जल जमाव | Prabhat Khabar Network

बारिश के बाद शहर के शिवाजी पथ में जल जमाव

जहानाबाद शहर में बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव और कीचड़ की समस्या बढ़ गई है. राजा बाजार अंडरपास सहित कई सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. नालियां जाम होने से स्थिति और खराब हो गई है.

विज्ञापन

Jehanabad News: जिले में रविवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कें कीचड़ से पट गई हैं. वहीं, हर बार की बारिश की तरह इस बार भी कई मोहल्लों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी गलियों और सड़कों पर फैल गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है.

राजा बाजार अंडरपास में तीन फीट पानी जमा

सोमवार शाम हुई बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शहर के राजा बाजार मोहल्ले में बने नए रेलवे अंडरपास के नीचे करीब तीन फीट पानी जमा हो गया. इसके कारण कई घंटों तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा. बाद में नगर परिषद द्वारा मोटर पंप लगाकर अंडरपास से पानी निकाला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. इस दौरान वाहनों को पुराने अंडरपास से होकर गुजरना पड़ा.

कई मोहल्लों में गलियों में फैला नाली का पानी

बारिश के बाद शहर के कई मोहल्लों में नाली और बारिश का पानी एक हो गया है. अधिकांश नालियां जाम रहने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है. राजा बाजार, दक्षिणी दौलतपुर, सर गणेश दत्त नगर, सत्संग नगर, पुरानी बिजली कॉलोनी, मौर्या नगर, माले ऑफिस के पास, बक्खो टोली, पुराना केला गोदाम और विष्णुगंज सहित कई इलाकों में लोग जलजमाव से परेशान हैं.

मुख्य सड़कों पर कीचड़ से बढ़ी परेशानी

बारिश के बाद शहर की मुख्य सड़कें कीचड़ से सन गई हैं. शिवाजी पथ, सट्टी मोड़, मेन रोड, अस्पताल रोड, थाना रोड, पीली कोठी से सब्जी मंडी जाने वाली सड़क और पुरानी अस्पताल रोड पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे खराब स्थिति सब्जी मंडी की बताई जा रही है, जहां पूरी सड़क कीचड़ से पट गई है. यहां आने वाले दुकानदारों और ग्राहकों को काफी दिक्कत हो रही है.

एनएच-22 किनारे भी जलजमाव की समस्या

शहर के एनएच-22 पर भी कई जगह सड़क किनारे पानी जमा है. खासकर पीएनबी से फिदा हुसैन मोड़ तक और एसबीआई बैंक सहित कई स्थानों पर बारिश के बाद जलजमाव बना हुआ है. जहानाबाद कोर्ट जाने वाली सड़क पर बत्तीस भंवरिया और राजा बाजार नए रेलवे अंडरपास के पास भी पानी जमा होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई.

नालियों की सफाई नहीं होने से बढ़ी समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है. कई जगहों पर नालियों की सफाई के नाम पर केवल ऊपर का कचरा हटाया गया, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है. शहर के ज्यादातर नाले जाम हैं, जिसके कारण सामान्य दिनों में भी पानी धीरे-धीरे निकलता है. बारिश के दौरान यही पानी सड़क और गलियों में फैल जाता है.

स्थायी समाधान की जरूरत

राजा बाजार रेलवे अंडरपास के पास हर बारिश के बाद पानी निकालने के लिए मोटर पंप का सहारा लेना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है. पूर्वी ऊंटा, निजामुद्दीनपुर, शिक्षक कॉलोनी, सर गणेश दत्त नगर, कृष्णापुरी, मौर्या नगर, पुरानी बिजली कॉलोनी सहित वार्ड संख्या 3, 4, 6 और 9 के कई मोहल्लों में भी लोग जलजमाव और कीचड़ से परेशान हैं.


विज्ञापन
Sanjay Anurag

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन