जहानाबाद में छात्र प्रदर्शन के बाद बड़ी कार्रवाई, 100 से अधिक उपद्रवी गिरफ्तार, डीएम बोले, कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Updated:
विज्ञापन
जिले में सामान्य स्थिति की जानकारी देते हैं डीएम | Prabhat Khabar Network

जिले में सामान्य स्थिति की जानकारी देते डीएम

जहानाबाद में छात्र प्रदर्शन के दौरान असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया. जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है. जिलाधिकारी ने स्थिति सामान्य होने और सख्त कार्रवाई की बात कही है.

विज्ञापन

जहानाबाद 23 जुलाई की शाम करीब 5 बजे छात्र प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों और पटना से ट्रेन के माध्यम से पहुंचे उपद्रवियों ने जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया. इस दौरान जिला पदाधिकारी आवास परिसर, सड़क किनारे लगी सार्वजनिक रेलिंग सहित कई सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की.

स्थिति नियंत्रित करने के लिए की गई हवाई फायरिंग

प्रशासन के अनुसार सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, आम लोगों की जान-माल की रक्षा और कानून-व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर हवाई फायरिंग की. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई के दौरान किसी भी आम नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है.

डीएम बोले जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य

जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बताया कि वर्तमान में जिले की कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है. सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है. साथ ही पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.

रेलवे स्टेशन समेत संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन रेलवे अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है. रेलवे स्टेशन सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.

100 से अधिक गिरफ्तार, वीडियो फुटेज से हो रही पहचान

प्रशासन ने बताया कि उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अब तक 100 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. सभी वीडियो की गहन जांच की जा रही है. पहचान पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध सभा, हिंसक प्रदर्शन, सरकारी कार्य में बाधा डालने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Mritunjay Jehanabad

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन