जहानाबाद में हिंसक प्रदर्शन, DM आवास पर पथराव के बाद पुलिस का लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग

Updated:
विज्ञापन
मेडिकल दुकान पर इलाज करते जख्मी पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network

मेडिकल दुकान पर इलाज करते जख्मी पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन हुआ, जो हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने DM आवास के पास पहुंचकर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग की।

विज्ञापन

Jehanabad News : नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन गुरुवार को हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारियों ने डीएम आवास के समीप पहुंचते ही जमकर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की. इस दौरान रोड़ेबाजी में थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हो गए.

डीएम आवास के पास भड़का प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों का जत्था डीएम आवास के पास पहुंचते ही उग्र हो गया और पुलिस पर लगातार पथराव करने लगा. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी.

रेलवे ट्रैक पर चढ़े छात्र, दो घंटे बाधित रहा परिचालन

हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर चढ़ गए और ट्रैक की गिट्टियां उखाड़कर पुलिस पर फेंकने लगे. इस कारण करीब दो घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा. काको मोड़ से लेकर डीएम आवास तक सड़क पर पत्थर बिखरे रहे और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा.

कई पुलिसकर्मी घायल

पथराव में नगर थाना के थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद, दरोगा विमलेंदु प्रसाद समेत आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल और सदर अस्पताल में कराया गया. पुलिस अधिकारियों के आसपास तैनात कई सुरक्षाकर्मियों को भी चोटें आईं.

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार स्वयं सड़क पर उतरे और पुलिस बल के साथ प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने का नेतृत्व किया. जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया, एसडीओ राजीव कुमार और सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी भी लगातार मौके पर मौजूद रहकर विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे. पूरे डीएम आवास क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया.

फायरिंग को लेकर अलग-अलग दावे

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए करीब 30 राउंड हवाई फायरिंग की गई. वहीं, मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार पुलिस ने 50 राउंड से अधिक फायरिंग की. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन