जहानाबाद: 45 दिन में ही मिलेगा गैस सिलेंडर, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किल, नियम बदलने की उठी मांग

Author Anjani kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों की गैस प्रतीक्षा से परेशानी

जहानाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए 45 दिनों की अनिवार्य प्रतीक्षा अवधि अब हजारों उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है. समय पर गैस नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने रोजमर्रा का भोजन तैयार करने तक का संकट खड़ा हो गया है.

विज्ञापन

Jehanabad News : ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए 45 दिनों की अनिवार्य प्रतीक्षा अवधि अब हजारों उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है. समय पर गैस नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने रोजमर्रा का भोजन तैयार करने तक का संकट खड़ा हो गया है. सबसे अधिक दिक्कत उन परिवारों को हो रही है, जिनके पास केवल एक ही गैस सिलेंडर है.

गैस खत्म होने पर फिर जलानी पड़ रही लकड़ी

ग्रामीणों का कहना है कि उज्ज्वला योजना के बाद अधिकांश परिवार एलपीजी का उपयोग करने लगे हैं. लेकिन सिलेंडर खत्म होने के बाद 45 दिन तक नया सिलेंडर नहीं मिलने से उन्हें मजबूरी में फिर से लकड़ी, उपले और अन्य पारंपरिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है. इससे महिलाओं को धुएं के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.

शहर और गांव के नियम अलग होने पर नाराजगी

उपभोक्ताओं का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में गैस रिफिलिंग के लिए लगभग 25 दिनों का अंतराल है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का नियम लागू है. इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं में असमानता की भावना पैदा हो रही है. लोगों ने दोनों क्षेत्रों के लिए समान व्यवस्था लागू करने की मांग की है.

गैस संकट के समय लागू हुआ था नियम

जानकारी के अनुसार, यह व्यवस्था उस समय लागू की गई थी जब खाड़ी देशों की परिस्थितियों के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका थी. गैस की उपलब्धता सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से सुनिश्चित करने के लिए रिफिलिंग के बीच 45 दिनों का अंतर तय किया गया था. अब आपूर्ति सामान्य होने के बाद लोग इस नियम में संशोधन की मांग कर रहे हैं.

एसडीओ बोले- सरकार के नए निर्देश का इंतजार

अरवल के अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि गैस की कमी की आशंका के समय यह व्यवस्था लागू की गई थी. वर्तमान में स्थिति सामान्य है और भविष्य में सरकार इस नियम में संशोधन कर सकती है. हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई नया निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है. ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि रिफिलिंग की अवधि को शहरी क्षेत्रों के समान कर समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए.


विज्ञापन
Anjani Kumar

लेखक के बारे में

By Anjani Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन