सावन की तीसरी सोमवारी पर शिवमय हुआ अरवल, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
जलाभिषेक करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
सावन की तीसरी सोमवारी पर अरवल के शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे मंदिर, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक।
Arwal News : अरवल में सावन की तीसरी सोमवारी पर जिले के तमाम शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. तड़के चार बजे से ही शिव मंदिरों में घंटों की टंकार के बीच हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगे. हर-हर महादेव, बम-बम भोले और रुद्री पाठ की गूंज से सोमवार को पूरा जिला शिवमय बना रहा.
सुबह चार बजे से मंदिरों में जुटने लगे श्रद्धालु
सावन की तीसरी सोमवारी के विशेष महत्व को देखते हुए शहर के शिव मंदिरों में पूरे दिन रौनक रही. श्रद्धालुओं ने विभिन्न अनुष्ठान, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की. भगवान शंकर के प्रिय सोमवार को मंदिरों में दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक का विशेष जोर रहा. शिव मंदिरों की विशेष सजावट और शृंगारित प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित करती रहीं.
एक हजार लीटर से अधिक दूध से हुआ अभिषेक
शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में सोमवार को पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दूध से शिवलिंग का अभिषेक किया. अनुमान के अनुसार, शिवलिंग पर करीब एक हजार लीटर दूध चढ़ाया गया. जलाभिषेक के लिए मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं.
जल चढ़ाने के बाद ही ग्रहण किया अन्न-जल
सोमवारी पर खासकर कुंवारी कन्याओं में जलाभिषेक को लेकर उत्साह दिखा. श्रद्धालु अहले सुबह स्नान कर पूजा सामग्री के साथ शिव मंदिरों की ओर निकल पड़े. कई श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ पर जल चढ़ाने के बाद ही अन्न-जल ग्रहण किया. मंदिरों में सुबह से शाम तक जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा.
गरीबा स्थान और पंच मंदिर में भी उमड़ी भीड़
जिला मुख्यालय में प्रखंड कार्यालय के पास स्थित गरीबा स्थान शिव मंदिर और अहियापुर पंच मंदिर में सुबह चार बजे से ही महिलाएं पूजन सामग्री लेकर पहुंचने लगीं. दिन चढ़ने के साथ मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई. महिलाओं और पुरुषों ने बेलपत्र, धतूरा, अक्षत, फूल, धूप और अगरबत्ती से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की.
ग्रामीण इलाकों के शिवालयों में भी लगा तांता
सोमवार होने के कारण शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर दोपहर बाद तक चलता रहा. जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण इलाकों में स्थित शिव मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे. पूरे दिन मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









