सायरन बजाते जमुई पहुंची वंदे भारत, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
सांसद अरुण भारती व मंत्री श्रेयसी सिंह ने दिखाई हरी झंडी
जमुई रेलवे स्टेशन पर पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का आधिकारिक ठहराव शनिवार से शुरू हो गया. सांसद अरुण भारती और मंत्री श्रेयसी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया, जिसे देखने के लिए स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
जमुई/बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट. आखिरकार लंबे इंतजार के बाद शनिवार से जमुई रेलवे स्टेशन पर पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया. सुबह 10.15 बजे जैसे ही सायरन बजाते हुए वंदे भारत ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, पूरा स्टेशन जयकारों और नारों से गूंज उठा. सांसद अरुण भारती और खेल सह उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया.
महज दो मिनट का ठहराव, उत्साह बेमिसाल
ट्रेन जमुई स्टेशन पर मात्र दो मिनट (10.15 से 10.17 बजे तक) रुकी, लेकिन इस छोटे से पड़ाव ने जिले के विकास को नई रफ्तार दे दी. स्टेशन परिसर में भाजपा और लोजपा (रामविलास) कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सुबह से ही जुटे थे. पूरा माहौल किसी बड़े उत्सव जैसा नजर आ रहा था.
सांसद ने गिनाईं उपलब्धियां
सांसद अरुण भारती ने कहा कि चुनाव के समय से ही जिलेवासियों की मांग थी कि वंदे भारत का ठहराव जमुई में हो. उन्होंने बताया कि:
- रेल मंत्री ने जमुई क्षेत्र की समस्याओं के चरणबद्ध समाधान का भरोसा दिया है.
- नवादा-लक्ष्मीपुर रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिल गई है और 621 करोड़ रुपये का आवंटन भी कर दिया गया है.
- अन्य प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रेल मंत्रालय के समक्ष रखी गई है.
ईंधन बचत की अपील पर मंत्री ने दिया जोर
मंत्री श्रेयसी सिंह खुद पटना से वंदे भारत ट्रेन से सफर कर जमुई पहुंचीं. उन्होंने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार तेजी से विकास कर रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत को लेकर की गई अपील का समर्थन करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी इसका पालन करना चाहिए.
स्टेशन पर दिखा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन
वंदे भारत के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा और लोजपा (रामविलास) के बीच राजनीतिक ‘शक्ति प्रदर्शन’ की झलक भी देखने को मिली. दोनों दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने झंडों और बैनरों के साथ अलग-अलग गुटों में डटे रहे. हालांकि, मंच से नेताओं ने इसे किसी व्यक्तिगत जीत के बजाय सामूहिक उपलब्धि करार दिया.
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
वंदे भारत के आगमन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार के नेतृत्व में जमुई स्टेशन छावनी में तब्दील नजर आया. जीआरपी, आरपीएफ और मलयपुर पुलिस की टीमें लगातार प्लेटफॉर्म पर गश्त करती रहीं. इस मौके पर दानापुर रेल मंडल के कई वरिष्ठ रेल अधिकारी भी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By दिव्यांशु प्रशांत
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










