खेत की पटवन के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, गिरे बिजली तार की चपेट में आया किसान
फोटो- मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
जमुई के उगनीचक में खेत की पटवन के दौरान बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से 38 वर्षीय संदीप कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ऐसे हादसों को रोकने के लिए कार्रवाई की मांग की है.
Jamui Electrocution Death: जमुई. टाउन थाना क्षेत्र के उगनीचक बहियार में बुधवार की अहले सुबह खेत की पटवन के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से 38 वर्षीय संदीप कुमार सिंह की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.
पटवन के दौरान गिरे बिजली तार की चपेट में आया युवक
मृतक की पहचान उगनीचक गांव निवासी कौशल किशोर सिंह के 38 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार सिंह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे संदीप खेत की पटवन करने के लिए बहियार गया था. इसी दौरान खेत में पहले से गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से उसे तेज करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.
ग्रामीणों ने बिजली बंद कर निकाला बाहर
काफी देर बाद जब ग्रामीणों की नजर संदीप पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर किसी तरह उसे तार से अलग किया. इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
घर का इकलौता पुत्र था संदीप
परिजनों ने बताया कि संदीप परिवार का इकलौता पुत्र था. वह अपने पीछे एक पुत्र को छोड़ गया है. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सदर अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया.
बिजली विभाग से उठी कार्रवाई की मांग
Jamui Electrocution Death: घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर एवं गिरे हुए बिजली तारों की नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे तारों को दुरुस्त नहीं किया गया तो भविष्य में भी इस तरह की दर्दनाक घटनाएं हो सकती हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए