करमटिया जंगल सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, गड्ढों में धान रोपकर किया अनोखा प्रदर्शन
सड़क के पानी भरे गड्ढे में धान के पौधे लगाते और प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network
सोनो प्रखंड में करमटिया जंगल से दुबेडीह तक की सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. दो साल से जर्जर इस सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है. नाराज ग्रामीणों ने अनोखे ढंग से प्रदर्शन करते हुए गड्ढों में धान रोपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया.
Jamui Road Protest: सोनो (जमुई). प्रखंड अंतर्गत अगहरा रोड में करमटिया जंगल से दुबेडीह तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा रहने से सड़क दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है. सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध-प्रदर्शन करते हुए गड्ढों में धान रोपकर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया.
दो वर्षों से बदहाल है सड़क
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है. समय-समय पर मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई. बरसात के कारण सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे आवागमन और भी कठिन हो गया है.
गड्ढों में धान रोपकर जताया विरोध
राष्ट्रीय वाहन चालक महासंघ के बैनर तले महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क के पानी भरे गड्ढों में धान की रोपाई की. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए सरकार और संबंधित विभाग से अविलंब सड़क निर्माण कराने की मांग की.
वाहन चालकों और यात्रियों की बढ़ी परेशानी
विनोद यादव ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो सहित अन्य छोटे वाहनों का परिचालन जोखिम भरा हो गया है. आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने कहा कि केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि यात्रियों की जान भी खतरे में रहती है.
दर्जनों गांवों की लाइफलाइन है यह सड़क
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह सड़क प्रखंड मुख्यालय के अलावा दर्जनों गांवों और कई पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से हजारों लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
Jamui Road Protest: महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द सड़क को दुरुस्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की.प्रदर्शन में संतोष यादव, चंदन यादव, मुकेश यादव, नीतीश यादव, संदीप यादव, शैलेश यादव, बबलू यादव, बिहारी यादव, उमेश यादव, गोलू यादव सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विनय कुमार मिश्रा
विनय कुमार मिश्रा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सोनो (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, अपराध, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










