शराब के नशे में जुआ खेलने वाले दो शिक्षकों पर गिरी गाज

जिले के खैरा प्रखंड में शराब के नशे में जुआ खेलते पकड़े गये दो शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है
विभाग में एक को किया सस्पेंड, तो दूसरे के निलंबन को लेकर बीडीओ को लिखा पत्र जमुई. जिले के खैरा प्रखंड में शराब के नशे में जुआ खेलते पकड़े गये दो शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है. शिक्षा विभाग ने इसके लेकर एक शिक्षक को निलंबित कर दिया है व दूसरे का वेतन स्थगित कर उनके निलंबन और विभागीय कार्रवाई के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र लिखा है. इसको लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के स्थापना शाखा से पत्र जारी किया गया है. जिसमें बताया गया है कि खैरा प्रखंड के नवीन प्राथमिक विद्यालय नोनियाटांड़ में विशिष्ट शिक्षक के रूप में पदस्थापित शिवकुमार शर्मा को बीते 21 अप्रैल को शराब के नशे में जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभाग ने शिक्षक शिव कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में निर्धारित किया गया है. इसके साथ ही शिक्षक के खिलाफ अलग से आरोप पत्र गठित किया जाएगा और इनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी. जबकि स्थापना शिक्षा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिंगारपुर में पदस्थापित शिक्षक संजय कुमार यादव पर कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से उनका वेतन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. इसको लेकर जारी पत्र में यह बताया गया है कि 21 अप्रैल को ही शिक्षक संजय कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया गया था. हालांकि इनका नियोजन पंचायत शिक्षक के रूप में किया गया है, इस कारण उनके निलंबन को लेकर स्थापना जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने खैरा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड नियोजन इकाई के सचिव को पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने खैरा प्रखंड विकास पदाधिकारी को यह निर्देश दिया है कि शिक्षक संजय कुमार यादव को बिहार पंचायत प्रारंभिक विद्यालय सेवा नियमावली 2020 में निहित प्रावधान के अनुसार अविलंब निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाये. दोनों शिक्षकों को खैरा बाजार स्थित शिवालय के समीप शराब के नशे में जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया था. जिसके बाद अब शिक्षा विभाग द्वारा यह बड़ी कार्रवाई की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










