स्वतंत्रता दिवस पर गिद्धौर में निकली भव्य तिरंगा शोभा यात्रा, अधिकारियों और छात्रों ने लिया एकता का संकल्प

Updated:
विज्ञापन

फोटो- तिरंगा यात्रा में शामिल बीडीओ, सीओ थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी कर्मी एवं छात्र-छात्राएं | Prabhat Khabar Network

गिद्धौर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रखंड प्रशासन द्वारा भव्य तिरंगा शोभा यात्रा का आयोजन किया गया. इस यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए. देशभक्ति के नारों के बीच, राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया.

विज्ञापन

Tiranga Yatra: गिद्धौर (जमुई). स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रखंड प्रशासन की ओर से बुधवार को भव्य तिरंगा शोभा यात्रा निकाली गई. यात्रा में प्रखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों के साथ सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. तिरंगा लहराते हुए विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया.

प्रखंड मुख्यालय से शुरू हुई यात्रा

तिरंगा शोभा यात्रा प्रखंड मुख्यालय परिसर से शुरू हुई. इसके बाद यात्रा गिद्धौर-जमुई-झाझा मुख्य राजमार्ग से होते हुए गिद्धौर बाजार पहुंची और लार्ड मिंटो टॉवर के रास्ते आगे बढ़ी. हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए चल रहे थे. यात्रा के दौरान बाजार में देशभक्ति का माहौल बना रहा.

बीडीओ ने युवाओं से विकसित भारत में योगदान की अपील की

बीडीओ सुनील कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की पहचान और गौरव का प्रतीक है. इसकी आन-बान-शान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और सभी को मिलकर भ्रष्टाचार मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए.

राष्ट्र की एकता को बताया सबसे बड़ी ताकत

अंचल अधिकारी आरती भूषण ने कहा कि राष्ट्र की एकता में ही देश की ताकत है. सभी नागरिकों को जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर देशहित में काम करना चाहिए. उन्होंने तिरंगे के सम्मान और देश की संप्रभुता की रक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया.

युवाओं से नशा और अपराध से दूर रहने की अपील

थानाध्यक्ष राशि मलिक ने कहा कि शांति और सुरक्षा के साथ ही देश आगे बढ़ता है. पुलिस प्रशासन हर समय देश की सेवा के लिए तत्पर है. उन्होंने युवाओं से नशे और अपराध से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.

शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नीलेश कुमार ने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना जगाना शिक्षकों और समाज की जिम्मेदारी है. शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं, तभी मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है.

कर्तव्य के ईमानदार निर्वहन को बताया देशसेवा

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिवपूजन कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना प्रशासन का संकल्प है. उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी देशसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

गांव और पंचायतों को मजबूत बनाने पर जोर

प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि गांव से ही राष्ट्र का निर्माण होता है. पंचायतों को मजबूत करने के साथ स्वच्छता और विकास पर ध्यान देकर आत्मनिर्भर गांव की दिशा में आगे बढ़ना होगा.

किसानों और ग्रामीण रोजगार की भूमिका पर चर्चा

प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामाधार चौधरी ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं. खेती को उन्नत बनाकर आत्मनिर्भरता हासिल की जा सकती है. उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही. वहीं मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराकर गांव को आत्मनिर्भर बनाना भी राष्ट्रसेवा है. हर हाथ को काम और हर घर में समृद्धि से विकसित भारत का सपना साकार किया जा सकता है.

छात्रों ने लिया एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प

Tiranga Yatra: तिरंगा शोभा यात्रा में कई सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए. विद्यार्थियों ने तिरंगा लहराते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया. यात्रा में विभागीय कर्मियों, शिक्षकों, स्थानीय बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों ने भी भाग लिया.

Also Read: 10 साल, शराबबंदी और हजारों करोड़ का नुकसान... बिहार में आखिर क्या बदला? पूरी तस्वीर आंकड़ों में समझिए


विज्ञापन
कुमार सौरभ

लेखक के बारे में

By कुमार सौरभ

कुमार सौरभ प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गिद्धौर (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन