अलीगंज में निकली तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा फहराने के लिए किया जागरूक

Updated:
विज्ञापन

तिरंगा यात्रा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलीगंज में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली गई, लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।

विज्ञापन

अलीगंज (जमुई ) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को अलीगंज प्रखंड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक भारती के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय से तिरंगा यात्रा निकाली गयी. इसमें जिले के वरीय पदाधिकारियों के अलावा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

तिरंगा यात्रा प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर अलीगंज बाजार होते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंची. यात्रा के दौरान पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया. इस दौरान देशभक्ति से जुड़े संदेश भी दिये गये.

घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील

बीडीओ अभिषेक भारती ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. तिरंगे को हाथ में लेना प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का क्षण है. उन्होंने लोगों से 15 अगस्त को अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की.

वरीय पदाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है. प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपनी भावना और जिम्मेदारी व्यक्त कर सकता है.

बीओ अग्रसर कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को घर-घर तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया जा रहा है. उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाने और देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर शहीदों को याद करने की अपील की.

तिरंगा यात्रा के दौरान उपस्थित लोगों ने अभियान को सफल बनाने और आम लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया. पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का अवसर है. सभी लोगों को इसमें भागीदारी निभाते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए.

ये रहे मौजूद

मौके पर बीडीओ अभिषेक भारती, पीओ राकेश कुमार, बीओ अग्रसर कुमार, कृषि बीओ छोटेलाल चौधरी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी साजिद हुसैन सहित स्वास्थ्य कर्मी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन