तीन घंटे की मशक्कत के बाद खैरा-जमुई मुख्य मार्ग पर शुरू हो सका परिचालन, लगायी गयी थी पांच थानाें की पुलिस

Published at :04 Mar 2025 9:16 PM (IST)
विज्ञापन
तीन घंटे की मशक्कत के बाद खैरा-जमुई मुख्य मार्ग पर शुरू हो सका परिचालन, लगायी गयी थी पांच थानाें की पुलिस

सदर थाना क्षेत्र के खैरा-जमुई मुख्य मार्ग पर इस्लामनगर के समीप सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया.

विज्ञापन

जमुई. सदर थाना क्षेत्र के खैरा-जमुई मुख्य मार्ग पर इस्लामनगर के समीप सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने दो ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा. करीब तीन घंटे बाद मुख्य सड़क पर परिचालन पुनः शुरू कराया गया. गौरतलब है कि इस्लामनगर के समीप सोमवार देर शाम 8:30 बजे के करीब दो ट्रकों के ओवरटेक करने के बीच में फंसकर एक युवक की मौत हो गयी थी. मृतक की पहचान भछियार मोहल्ला निवासी महेश ठाकुर के पुत्र अजय ठाकुर के रूप मेंकी गयी थी. बताया जाता है कि अजय ठाकुर जमुई जिला मुख्यालय के महाराजगंज स्थित एक प्रतिष्ठित कपड़ा दुकान में काम कर अपने घर लौट रहा था. इस दौरान जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी इन ट्रकों की चपेट में आ गया. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर भी आक्रोशित भीड़ ने पथराव किया. इसके बाद पुलिस को भी लाठी चार्ज करना पड़ा तथा भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. मौके पर पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन, उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने गुस्साई भीड़ पर नियंत्रण का प्रयास किया. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बलों को प्रतिनियुक्ति किया गया तथा देर रात तक सड़क पर उपद्रवियों को शांत करने में पुलिस को मशक्कत करना पड़ा. मौके पर दमकल की टीम ने ट्रकों में लगी आग को बुझाया.

पांच थाना की पुलिस कर रही थी कैंप

इस्लामनगर के समीप आक्रोशित भीड़ को शांत करने तथा स्थिति नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों को लगाया गया था. इसके साथ ही मौके पर पांच थाना की पुलिस भी कैंप कर रही थी. भीड़ नियंत्रण को लेकर जमुई सदर थाना की पुलिस, खैरा थाना, बरहट थाना, मलयपुर थाना तथा गिद्धौर थाना की पुलिस को लगाया गया था. इसके साथ ही बड़ी संख्या में वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस जवानों को भी भीड़ नियंत्रण के लिए लगाया गया था. मौके पर मौजूद पुलिस बल के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ पर नियंत्रण पाया.

तीन घंटे बाद मुख्य मार्ग पर चालू हुआ परिचालन

गुस्साई भीड़ द्वारा ट्रक में आग लगाने के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद हो गया था. खैरा-जमुई मार्ग से होकर जाने वाले वाहनों को अन्यत्र रास्तों से भेजा गया. इसके 3 घंटे बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू किया गया. अग्निशमन की टीम के द्वारा आग बुझाने के बाद मौके पर क्रेन मंगवा कर दोनों ट्रकों को मुख्य मार्ग से हटाया गया. इसे लेकर जिला पुलिस कार्यालय से जानकारी दी गई है और बताया गया है कि मामले में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय से यह बताया गया है कि घटना स्थल पर विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है. हालांकि इसके बावजूद भी घटनास्थल व आसपास के इलाकों की सतत निगरानी की जा रही है, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन